5 जुलाई तक भारी बारिश का संभावना, किसानों और आम लोगों के लिए जारी हुई बड़ी चेतावनी

Banka Rain Alert: 5 जुलाई तक बांका में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी. किसानों को सतर्क रहने और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने की सलाह दी गयी है.

बांका से सुभाष वैद्य की रिपोर्ट

Banka Rain Alert: अगर आप बांका जिले में रहते हैं या खेती-किसानी से जुड़े हैं तो आने वाले कुछ दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहने वाले हैं. बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र की ओर से जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 1 से 5 जुलाई के बीच जिले में मौसम लगातार बदलता रहेगा. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवा और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जतायी गयी है.

बांका में क्यों बदलने वाला है मौसम का मिजाज?

भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जारी पूर्वानुमान के अनुसार जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मानसून अब धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण बारिश की गतिविधियों में तेजी देखने को मिल सकती है.

इस अवधि के दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है. बारिश के बावजूद उमस पूरी तरह खत्म नहीं होगी और लोगों को बीच-बीच में चिपचिपी गर्मी का भी सामना करना पड़ सकता है.

Banka Rain Alert: नमी बढ़ने से बढ़ेगी बेचैनी

मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय हवा में नमी की मात्रा 80 से 85 प्रतिशत तक रह सकती है. वहीं दोपहर के समय यह घटकर 25 से 30 प्रतिशत के आसपास पहुंचने का अनुमान है. इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों के स्वास्थ्य और फसलों दोनों पर देखने को मिल सकता है.

दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जतायी गयी है, जिससे कई इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है.

बिहार की अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

किसानों के लिए क्यों अहम हैं अगले पांच दिन?

मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. खेतों में पानी जमा होने की स्थिति से बचने के लिए जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की जरूरत होगी. लगातार बारिश होने पर धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है.

साथ ही किसानों को गरज-चमक के दौरान खेतों में काम नहीं करने और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही कृषि कार्य करने की सलाह दी गयी है. बिजली गिरने की घटनाओं से बचाव के लिए खुले खेतों में रुकने से भी परहेज करने को कहा गया है.

खराब मौसम में इन बातों का रखें ध्यान

मौसम विभाग ने आम लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है. गरज-चमक और तेज हवा के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए. जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और मौसम से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें.

ये भी पढ़ें : बिहार में बुलेट ट्रेन के लिए बिछेगा 400 किमी लंबा ट्रैक, इन 3 जिलों में बनेंगे स्टेशन, हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >