बांका जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर पदस्थापन किया गया है. एसपी अमितेश कुमार की ओर से जारी जिला आदेश के तहत जिले के आठ पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है. सभी अधिकारियों को अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान देने का निर्देश दिया गया है. पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल के बाद कई महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों की कमान नए अधिकारियों के हाथों में होगी.
श्रीकांत भारती को कटोरिया थाना की कमान
जारी आदेश के अनुसार पुलिस निरीक्षक श्रीकांत भारती को चांदन थाना के थानाध्यक्ष पद से स्थानांतरित कर पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष कटोरिया थाना बनाया गया है. वहीं पुलिस निरीक्षक विजयेंद्र कुमार को बेलहर थाना के पर्यवेक्षी पदाधिकारी से स्थानांतरित कर पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष बेलहर थाना की जिम्मेदारी दी गयी है.
पुलिस निरीक्षक अभय शंकर को पुलिस केंद्र बांका से स्थानांतरित कर पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष रजौन थाना बनाया गया है. वहीं पुलिस अवर निरीक्षक आसिफ अख्तर को शंभुगंज थाना के थानाध्यक्ष पद से हटाकर जमदाहा ओपी का ओपी अध्यक्ष बनाया गया है.
रणतेज भारती को बंधुआकुरावा थाना की जिम्मेदारी
पुलिस अवर निरीक्षक रणतेज भारती को जमदाहा ओपी अध्यक्ष के पद से स्थानांतरित कर बंधुआकुरावा थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं शैलेश कुमार को बंधुआकुरावा थाना के थानाध्यक्ष पद से स्थानांतरित कर पुलिस केंद्र बांका भेजा गया है.
रवि कुमार बने चांदन के नए थानाध्यक्ष
पुलिस अवर निरीक्षक रवि कुमार को चांदन थाना में कनीय पुलिस पदाधिकारी के पद से स्थानांतरित कर चांदन थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है. जबकि प्रभाकर कुमार को बाराहाट थाना से स्थानांतरित कर शंभुगंज थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है.
अविलंब योगदान का निर्देश
पुलिस विभाग की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर अविलंब योगदान देने और इसकी अनुपालन रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
इस फेरबदल के बाद जिले के कई थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा. खासकर कटोरिया, चांदन, रजौन, बेलहर और शंभुगंज जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों में नए थानाध्यक्षों की तैनाती से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर नई रणनीति देखने को मिल सकती है. वहीं स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि नए अधिकारियों के पदभार संभालने के बाद थाना स्तर पर पुलिसिंग में कितना बदलाव आता है.
