Banka Mandi Bhav Today: बांका जिले की व्यावसायिक मंडियों में इस सप्ताह अनाज और दलहन की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. कारोबारियों का कहना है कि हाल की बारिश और भागलपुर स्थित विक्रमशीला सेतु के क्षतिग्रस्त होने से माल की आवक प्रभावित हुई है. इसका असर सीधे मंडी के बाजार भाव पर दिखाई देने लगा है. खासकर मक्का, गेहूं और सरसों जैसी प्रमुख फसलों के दाम में तेजी के संकेत मिल रहे हैं.
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार कई इलाकों से माल की आपूर्ति समय पर नहीं हो पा रही है. ट्रांसपोर्ट की रफ्तार धीमी होने और मौसम की अनिश्चितता के कारण मंडी में आवक कम हुई है. यही वजह है कि कुछ खाद्यान्नों के दाम चढ़ने लगे हैं, जबकि कुछ वस्तुओं में हल्का उतार-चढ़ाव बना हुआ है.
मक्का और गेहूं में तेजी, दालों के भाव भी चढ़े
मंडी के ताजा भाव के अनुसार मक्का 1950 से 2050 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है. वहीं गेहूं का भाव 2550 से 2600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. कारोबारियों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक आवक प्रभावित रही तो इन दोनों फसलों के दाम में और बढ़ोतरी हो सकती है.
चावल की कीमतों में भी स्थिरता के बीच हल्की तेजी बनी हुई है. मंसूरी चावल 3200 से 3400 रुपये प्रति क्विंटल और अरवा मोटा चावल 3050 से 3200 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है. बासमती चावल का भाव 12500 से 13000 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है.
दलहन बाजार में भी तेजी का असर दिख रहा है. अरहर दाल 10600 से 14500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है, जबकि मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है. मसूर और चना दाल के दाम में भी हलचल बनी हुई है.
सरसों तेल और सब्जियों के दाम पर भी नजर
तेल बाजार में सरसों की मांग बढ़ने लगी है. काला सरसों 6800 से 7100 रुपये और पीला सरसों 7300 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है. वहीं 15 लीटर सरसों तेल का भाव 2070 से 2470 रुपये तक पहुंच गया है.
सब्जी बाजार में आलू 1200 से 1400 रुपये प्रति क्विंटल और प्याज 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है. व्यापारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति और आवक के आधार पर अगले कुछ दिनों में बाजार भाव में और बदलाव देखने को मिल सकता है.
