BANKA : सर्पदंश से आंगनबाड़ी सहायिका की मौत
कटोरिया प्रखंड के बसमत्ता पंचायत अंतर्गत महादेवावरण गांव में सर्पदंश से आंगनबाड़ी सहायिका की मौत हो गई.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी :
कटोरिया प्रखंड के बसमत्ता पंचायत अंतर्गत महादेवावरण गांव में सर्पदंश से आंगनबाड़ी सहायिका की मौत हो गई. मृतका की पहचान महादेवावरणगांव निवासी दौलत यादव की पत्नी बबीता देवी के रूप में हुई है. वह आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 114 महादेवावरण में सहायिका पद पर कार्यरत थी. रविवार की रात्रि घर के समीप ही सर्पदंश के बाद परिजन उसे पहले गांव के ही दुबे भयहरण स्थान ले गये. फिर स्थिति गंभीर होने पर सदर अस्पताल बांका ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके साथ ही मृत सहायिका बबीता देवी के परिजनों में कोहराम मच गया. मृतका के पति दौलत यादव, पुत्र कुंदन कुमार, आदित्य कुमार व प्रियांशु कुमार एवं पुत्री ममता कुमारी आदि का रो-रोकर बुरा हाल है.