शंभुगंज (बांका). पंजाब के अमृतसर जिले के सदर थाना क्षेत्र से शादी की नीयत से अगवा की गई एक युवती को पंजाब पुलिस ने सोमवार को शंभुगंज पुलिस के सहयोग से बंधुडीह गांव से सकुशल बरामद कर लिया. मामले में बंधुडीह निवासी कृष्णा कुमार, पिता मुक्को यादव को गिरफ्तार किया गया है. स्थानीय थाने में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पंजाब पुलिस युवती और आरोपित को अमृतसर ले गई.
युवती के लापता होने पर पिता ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
अमृतसर सदर थाना के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) राजवीर सिंह ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से युवती के अचानक लापता होने के बाद उसके पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी. प्राथमिकी में शंभुगंज थाना क्षेत्र के बंधुडीह गांव निवासी कृष्णा कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया था.
मकान मालिक की पुत्री को लेकर फरार होने का आरोप
पुलिस के अनुसार कृष्णा कुमार अमृतसर में रहकर मजदूरी करता था. जिस मकान में वह किराए पर रहता था, वहीं मकान मालिक की पुत्री से उसका परिचय हुआ. आरोप है कि कृष्णा कुमार शादी की नीयत से युवती को बहला-फुसलाकर पंजाब से लेकर फरार हो गया.
तकनीकी अनुसंधान से शंभुगंज में मिली लोकेशन
मामले की जांच के दौरान पंजाब पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की लोकेशन का पता लगाया. जांच में उसकी लोकेशन शंभुगंज के बंधुडीह गांव में मिली. इसके बाद अमृतसर पुलिस की विशेष टीम शंभुगंज पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया.
छापेमारी कर युवती बरामद, आरोपित गिरफ्तार
थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार के निर्देश पर स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से बंधुडीह गांव में छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया और नामजद आरोपित कृष्णा कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
अमृतसर न्यायालय में पेश किया जाएगा आरोपित
पंजाब पुलिस ने बताया कि स्थानीय स्तर पर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती और आरोपित को अमृतसर ले जाया गया. आरोपित को अमृतसर न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
