हाथों में तिरंगा, जुबां पर वंदे मातरम... अमरपुर में सैकड़ों लोगों की यात्रा ने शहर को राष्ट्रभक्ति से रंग दिया

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमरपुर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह अमरपुर प्रखंड मुख्यालय और नगर पंचायत कार्यालय से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गयी. बीडीओ प्रभात रंजन के नेतृत्व में निकली यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेटों, स्कूली छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में आम लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया. हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंजता रहा.

तिरंगे के साथ शहर की सड़कों पर निकले लोग

तिरंगा यात्रा प्रखंड मुख्यालय से शुरू होकर बंगाली टोला, गोला चौक, बस स्टैंड और पुरानी चौक होते हुए वापस प्रखंड मुख्यालय पहुंची. यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों ने लगातार वंदे मातरम और भारत माता की जय के जयकारे लगाए. इससे पूरे शहर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया.

यात्रा के रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक इसका स्वागत किया. सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों का हौसला बढ़ाया.

अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी एक साथ

तिरंगा यात्रा में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अनुराग कुमार, सीओ आकाशदीप सिन्हा, अवर निबंधक मुकेश कुमार सुमन, थानाध्यक्ष राकेश कुमार, मुख्य पार्षद रीता साहा, युवा समाजसेवी राजेश कुमार साह और उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप कुमार पप्पू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए.

एनसीसी कमांडर रविशंकर सिंह, एचएम मधुकर कुमार, वार्ड पार्षद शंकर महतो, संजीव कुमार साह, पंकज दास, अशोक साह और रेखा देवी समेत सैकड़ों लोग भी यात्रा का हिस्सा बने.

तिरंगा आन, बान और शान का प्रतीक

मुख्य पार्षद रीता साहा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. ऐसे आयोजन लोगों, विशेषकर युवाओं और बच्चों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं. उन्होंने कहा कि अमरपुरवासियों ने एकजुट होकर तिरंगा यात्रा में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया है.

शहीदों के बलिदान को याद रखने का संदेश

बीडीओ प्रभात रंजन ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता दिवस के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए.

सीओ आकाशदीप सिन्हा ने कहा कि आम लोगों के साथ अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और विद्यार्थी एक साथ यात्रा में शामिल हुए, यह सामाजिक एकता का बेहतर उदाहरण है.

शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई यात्रा

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि तिरंगा यात्रा शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए.

पूरे कार्यक्रम के दौरान अमरपुर शहर देशभक्ति के रंग में डूबा नजर आया. तिरंगे की शान और भारत माता के जयकारों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ही शहर में उत्सव जैसा माहौल बना दिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >