कटोरिया (बांका). विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 में कांवरिया श्रद्धालुओं को खाद्य सामग्री और पेय पदार्थ निर्धारित कीमत पर उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है. इसी क्रम में शुक्रवार को दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने नीमाटांड़ स्थित कांवरिया पथ के विभिन्न दुकानों और होटलों में जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान अधिक कीमत वसूलने और घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक उपयोग का मामला सामने आया.
चार होटल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई
जांच के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं से खाद्य पदार्थों की एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने के मामले में चार होटल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इनमें मनोज यादव पिता टिटहरी यादव, दीपक कुमार पिता बिंदेश्वरी यादव, सुरेश यादव पिता चंद्रिका यादव तथा सुभित लाल यादव पिता अमित यादव शामिल हैं. जांच दल ने सभी संबंधित दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कांवरियों से किसी भी खाद्य सामग्री या पेय पदार्थ के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक राशि नहीं ली जाए. प्रशासन ने चेतावनी दी कि दोबारा मनमानी कीमत वसूलने या नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पकड़ा गया
जांच के दौरान कटहरा गांव निवासी दयानंद यादव पिता चंद्रिका यादव के होटल में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किए जाने का मामला सामने आया. जांच दल ने मौके से गैस सिलेंडर जब्त कर लिया.
मामले में होटल संचालक के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है. प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कांवरिया पथ के आसपास संचालित दुकानदारों और होटल संचालकों में हड़कंप मच गया.
श्रद्धालुओं को निर्धारित दर पर सामान उपलब्ध कराने पर जोर
प्रशासन ने कहा है कि श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी. खाद्य सामग्री, पेय पदार्थ और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी. निर्धारित दर से अधिक वसूली या अन्य नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
