BANKA : शिक्षक पर हमला मामले में आरोपित गिरफ्तार, भेजा जेल
बौसी थाना क्षेत्र के भीखा गांव में शिक्षक के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट :
बौसी थाना क्षेत्र के भीखा गांव में शिक्षक के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की गांव निवासी प्रकाश मंडल है. पुलिस ने उसे शनिवार देर रात उसके घर से गिरफ्तार किया, जिसके बाद रविवार को न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया.जानकारी के अनुसार, भीखा गांव निवासी विनोद कुमार मंडल ने 20 मार्च 2025 को बौसी थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि वे प्राथमिक विद्यालय मंदार विद्यापीठ तिलारू में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं. घटना वाले दिन स्कूल से पढ़ाकर घर लौटने के दौरान भीखा गांव स्थित स्कूल के समीप गांव के ही रोहित मंडल, प्रकाश मंडल और मोहित मंडल ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी.पीड़ित शिक्षक ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने लाठी, डंडा और चाकू से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए बौसी थाना में कांड संख्या 90/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे. पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी. इसी दौरान शनिवार की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी कर आरोपी प्रकाश मंडल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया. थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.