दूल्हे के पिता व भाई समेत पांच घायल
कटोरिया : कटोरिया थाना क्षेत्र के हड़हार पंचायत अंतर्गत पंजरपट्टा गांव में एक शादी समारोह में वर पक्ष द्वारा वीडियो कैमरा नहीं ले जाने के कारण बरातियों पर फूल की जगह लाठियां बरसायी गयी. मारपीट में दूल्हे के पिता का हाथ टूट गया. दूल्हे के भाई समेत अन्य चार बराती भी गंभीर रूप से जख्मी हुए.
जख्मी दूल्हे के पिता गोविंद यादव (60वर्ष), भाई योगेंद्र यादव (36वर्ष), महेंद्र यादव (30वर्ष), शहेंद्र यादव (26वर्ष) आदि को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सक डा एसडी मंडल ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया. इधर घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार भारती व अवर निरीक्षक उमाप्रकाश सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस के प्रयास से ही शादी की रस्म पूरी होने के बाद वधू की विदाई भी करायी गयी. पुलिस के सहयोग से ही बराती पक्ष के बंधक बनाये गये एक सवारी गाड़ी व तीन बाइक को भी मुक्त कराया जा सका.
घटना के संबंध में जख्मी भाई महेंद्र यादव ने थाना में दुल्हन के पिता सुशील यादव, कारू यादव, जयप्रकाश यादव, गौतम यादव समेत एक दर्जन लोगों के विरुद्ध आवेदन दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार सूईया थाना क्षेत्र के सूअरकोल-बिलारी गांव निवासी गोविंद यादव के पुत्र दिनेश यादव की शादी कटोरिया थाना क्षेत्र के पंजरपट्टा गांव निवासी सुशील यादव की पुत्री सविता कुमारी से तय हुई थी. गुरुवार को करीब 60 की संख्या में बारात पंजरपट्टा गांव पहुंची.
लेकिन वर पक्ष द्वारा वीडियो कैमरा नहीं ले जाये जाने के कारण शरात पक्ष के लोग काफी आक्रोशित थे.इधर भोजन के दौरान टेबुल पर बैठे चार लोगों में से तीन लोगों को ही पत्तल व खाना परोसा जाने लगा. यह हरकत अन्य टेबुलों पर होता देख जब समधी गोविंद यादव ने आपत्ति जतायी, तो तू-तू-मैं-मैं के साथ ही मारपीट शुरू हो गयी. लाठी-डंडे से मारपीट शुरू होते ही पंजरपट्टा गांव में अफरातफरी मच गयी.
