बांका /धोरैया/बाराहाट : सदर थाना क्षेत्र के बांका-ढाकामोड़ मुख्य मार्ग पर शंकरपुर के समीप रविवार को दिन के करीब तीन बजे गुप्त सूचना के आधार पर बांका थानाध्यक्ष सह निरीक्षक सौम्य प्रियदर्शी ने बाइक सवार दो व्यक्ति को शराब के साथ गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि शंकरपुर के समीप सड़क के किनारे एक खड़ी बाइक पर झोला बांधा हुआ था. वहीं बाइक के पास दो युवक भी थे. संदेह के आधार पर उक्त युवक से पूछताछ की तो वो हड़बड़ा गया.
इसके बाद बाइक में बंधे झोले की जांच की तो उसमें झारखंड ब्रांड की 17 पाउच देशी शराब एवं 180 एमएल का एक एवं 375 एमएल का एक विदेशी शराब पुलिस ने बरामद करते हुए दोनों युवक को धर दबोचा. गिरफ्तार युवक अलीगंज मुहल्ले के निखिल डोकानियां व बिजली कार्यालय के समीप के मृत्युंजय कुमार बताया है. वहीं धोरैया प्रतिनिधि के अनुसार धोरैया पुलिस ने शनिवार की देर रात्री गुप्त सूचना के आधार पर दो शराब तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 123 बोतल विदेशी शराब को जब्त कर लिया है. थानाध्यक्ष शोएब आलम ने बताया है कि रात्री में धोरैया-पंजवारा मुख्य मार्ग के बेलडीहा के समीप स्कूटी पर शराब की एक खेप ला रहे शराब तस्कर को धर दबोचा गया. पुलिस ने इस मामले में आदमपुर भागलपुर निवासी संजय कुमार सिंह एवं सुरज कुमार सिन्हा को शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया.
वहीं बाराहाट प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के खड़हरा रेलवे सम पार पर शनिवार की रात एक युवक को संदेह के आधार पर जांच के क्रम में दस पाउच देसी शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने जांच अभियान चला कर उक्त युवक को पकड़ लिया. गिरफ्तार युवक सुधीर कुमार झारखंड के पोडैयाहाट का रहने वाला बताया जा रहा है.
