बाराहाट : बाराहाट पुलिस ने विदेशी शराब की छोटी बड़ी बोतलों के साथ कुल 1092 बोतल शराब बरामद करने में सफलता पायी है. इस दौरान थानाध्यक्ष पंकज कुमार व सैप जवानों ने शराब से भरे एक बोलरो व उसके चालक के साथ उसके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार कर लिया.
शुक्रवार की दोपहर एसपी राजीव रंजन ने बाराहाट थाना परिसर में प्रेस कांफ्रेंस कर स्थानीय मीडिया को इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड के हंसडीहा से खगड़िया के लिये एक सफेद बोलेरो गाड़ी से विदेशी शराब की एक बड़ी खेप ले जायी जा रही है. इसके बाद स्थानीय पुलिस ने बाराहाट-भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर देर शाम सघन वाहन जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी को जब रोक कर उसकी तलाशी लेने का प्रयास किया गया तो चालक ने गाड़ी को वहां से लेकर भागने का प्रयास किया.
लेकिन सड़क पर वाहनों की कतार लगे होने के कारण गाड़ी दूर नहीं जा सकी. जिसे बाद में पुलिस ने वाहन चालक चंदन कुमार मंडल एवं उसके एक सहयोगी मोहम्म्द महकुल आलम को गिरफ्तार कर लिया. एसपी के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपित ने पूछताछ के दौरान इस धंधे में कई और बड़े लोगों के शामिल होने की जानकारी दी है. पुलिस ने उन्हें चिह्नित कर लिया है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी शीघ्र ही कर लेगी. मौके पर सभी पुलिस कर्मी मौजूद थे.
