वार्ड या पंच पद के अभ्यर्थी या एक अभिकर्ता रहेंगे भीतर पंसस पद के अभ्यर्थी व दो अभिकर्ता कर सकेंगे प्रवेश
कटोरिया : कटोरिया प्रखंड में पंचायत उपचुनाव के तहत 2 मार्च गुरुवार को मतगणना का कार्य संपन्न होगा. ऑब्जर्बर सह डीएसओ विनोद कुमार ठाकुर की मौजूदगी में मतगणना का कार्य सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक चलेगी. उम्मीद है कि प्रखंड में 17 पदों के लिए 24 बूथों पर हुए मतदान के बाद बंद सभी मतपेटी के मतपत्रों की गिनती एक ही दिन में पूरी कर ली जायेगी. प्रखंड मुख्यालय के सभागार में बनाये गये मतगणना कक्ष में चार टेबुल लगाये गये हैं. एक अतिरिक्त टेबुल रिजर्व में भी रहेगा. जरूरत पड़ने पर उस पर भी गिनती करायी जा सकती है. मतगणना को लेकर चुनावी जंग में डटे सभी उम्मीदवारों की धड़कन भी तेज हो गयी है.
मतगणना कक्ष के भीतर पंच या वार्ड सदस्य पद के उम्मीदवार या उनके एक गणक अभिकर्ता को अंदर जाने की अनुमति मिलेगी. जबकि पंचायत समिति सदस्य पद के अभ्यर्थी के अलावा दो अन्य अभिकर्ता अंदर जा सकेंगे. ज्ञात हो कि गत 28 फरवरी को प्रखंड में कुल सतरह पदों के लिए चौबीस बूथों पर मतदान का कार्य शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराया गया है. इसमें पंचायत समिति सदस्य व वार्ड सदस्य पद के एक-एक सीट एवं पंच पद के पंद्रह सीट शामिल हैं. मतदान केंद्रों पर सील किये गये सभी मतपेटियों को प्रखंड मुख्यालय में बनाये गये वज्रगृह में सील करके रखा गया है. वज्रगृह की सुरक्षा में पुलिस जवान लगाये गये हैं. पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ प्रेमप्रकाश, एआरओ सह जीपीएस नवीन कुमार जमुआर, बीएओ प्रहलाद मिश्र, बीसीओ प्रमोद कुमार, एमओ मनोज कुमार, संजीत कुमार, दिलीप कुमार सिंह, शशिभूषण पंडित आदि सराहनीय योगदान दे रहे हैं.
