एएसआइ हत्याकांड
शंभुगंज : भभूुआ जिला के दुर्गावती थाना में एएसआइ पद पर कार्यरत रामबालक यादव की अपराधियों ने शभुगंज-इंगलिशमोड़ मुख्य मार्ग पर भौरामोड़ के समीप रविवार को हत्या कर दी. यह इस थाना क्षेत्र की पहली घटना नहीं है. एक के बाद एक बड़ी वारदात को बाहर अंजाम देकर लाश को सुरक्षित ठिकाने लगा कर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है. जानकारी के अनुसार शंभुगंज थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बग्घा गांव के छात्र सूरज कुमार पिता सहेंद्र यादव की अपराधियों द्वारा हत्या कर शव को बदुआ नदी
में फेंकने की घटना, कर्णपुर गांव में भूमि विवाद में धीरेंद्र कुमार की हत्या की घटना, मिर्जापुर गांव के छात्र विराट आनंद पिता बालेश्वर मिश्र का तारापुर से लौटने से क्रम में अपराधियों द्वारा हत्या कर शव को जिलानी पथ नहर किनारे में फेंकने की घटना, वारसावाद गांव के छात्र संजीव कुमार पिता देवेंद्र यादव का बरात से लौटने के दौरान अपराधियों द्वारा हत्या कर शव को बहियार के पानी भरे डांड़ मे गाढ़ देने की घटना, कामतपुर पंचायत में मुखिया उपेंद्र मंडल का शादी समारोह से वापस घर लौटने के दौरान अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या करने की घटना, गढ़ी मोहनपुर गांव में शिक्षक जवाहर सिंह का अपराधियों द्वारा घर में घुसकर हत्या करने की घटना की चर्चा खत्म भी नहीं हुई थी कि रविवार को फिर एक घटना हो गयी.
पोते ने की रामबालक यादव की शिनाख्त
घटना स्थल पर मिली बैग से बरामद वोटर आइडी कार्ड व पुलिस पहचान पत्र के आधार पर मृतक के गांव घोरघट सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही मृतक का पोता अविनाश कुमार ने इसकी सूचना अपनी बड़ी फुआ नूतन देवी को दी व अपने कुछ ग्रामीणों के साथ शंभुगंज थाना पहुंचकर अपने दादा रामबालक यादव की पहचान की. जानकारी के अनुसार रामबालक यादव का एक पुत्र संजय यादव औरंगाबाद में ही पुलिस विभाग में कार्यरत है. जिसको एक लड़का अविनाश कुमार है. अविनाश अपने घर घोरघट में मां के साथ रहता है. रामबालक यादव पटना में प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद रविवार को अपनी बड़ी बेटी से मिलने झाझा आ रहे थे कि रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी गयी.
