कटोरिया : कटोरिया थाना क्षेत्र के सिमरखूंट व आनंदपुर ओपी क्षेत्र के मुसकोड़वा गांव में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में सात लोग बुरी तरह से जख्मी हो गये. इसमें एक जख्मी को गंभीर हालत में देवघर रेफर कर दिया गया है. कटोरिया के सिमरखूंट गांव में एक ही गोतिया के बच्चों व महिलाओं के बीच हुए विवाद के कारण शुक्रवार को दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी. जिसमें एक पक्ष से बुलबुल कुमारी (17वर्ष) व पिंटु पांडेय (19वर्ष) एवं दूसरे पक्ष से सूलोचना देवी
(55वर्ष), उसके पुत्र नरोत्तम पांडेय (22वर्ष) व पुरूषोत्तम पांडेय (30वर्ष) घायल हुए हैं. सभी घायलों का प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल में चिकित्सक डा नरेश प्रसाद व डा एसडी मंडल द्वारा किया गया. घटना के संबंध में दोनों पक्षों द्वारा थाना में अलग-अलग आवेदन दिया गया है. इधर आनंदपुर ओपी क्षेत्र के मुसकोड़वा गांव में हिस्से की जमीन पर जबरन जेसीबी मशीन से बनाये जा रहे खेत का विरोध करने पर रामकिशुन यादव व उसके पुत्र इंद्रदेव यादव को रॉड से मार कर जख्मी कर दिया गया. इसमें इंद्रदेव यादव की हालत काफी गंभीर बनी हुई है. उसे बेहतर इलाज हेतु देवघर भेजा गया है. घटना के संबंध में गांव के ही महेंद्र यादव, शिवनारायण यादव सहित पांच लोगों के विरूद्ध आवेदन दिया गया है.
