कटोरिया बाजार के लोग सप्लाइ वाटर पर ही रहते हैं निर्भर
कटोरिया : कटोरिया बाजार में पीएचइडी विभाग द्वारा जलमीनार से वाटर सप्लाई की जाती है. जिससे बाजार के अधिकांश लोगों की प्यास बुझती है. साथ ही घर के घरेलू व दैनिक कार्य भी इसी पानी के भरोसे होता है. लेकिन बाजार के कई इलाकों में जल आपूर्ति बाधित है. जिन क्षेत्रों में आपूर्ति हो भी रही है, वहां भी आमजनों को नियमित पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही. कभी पंप, कभी बोरिंग, तो कभी मशीन में खराबी आने की समस्या उत्पन्न हो रही है. चूंकि जिस जलमीनार यूनिट से वाटर सप्लाई हो रही है. उसका प्रभावी जीवन सीमा काल बहुत पहले ही पूरा हो चुका है. वाटर टैंक, फिल्टर एवं पुराना पाईप खस्ता हालत में है.
इसके लिए करीब ढाई सालों पहले ही पीएचइडी द्वारा कटोरिया में नया वाटर सप्लाई यूनिट तैयार करने हेतु तीन करोड़ रूपये का प्रस्ताव तैयार किया गया था. इसमें नया वाटर टैंक, नया डीप बोरिंग, नयी पाईप बिछाने आदि की योजना शामिल थी. उक्त योजना को मूर्त रूप दिये जाने से कटोरिया बाजार वासियों को सुबह व शाम दोनों वक्त वाटर सप्लाई का लाभ मिलता. लेकिन नया वाटर सप्लाई यूनिट का प्रस्ताव फिलहाल ठंडे बस्ते में ही जाता दिख रहा है. जिससे बाजार क्षेत्र में हर दो-तीन दिनों में वाटर सप्लाई बंद होने की भी समस्या उत्पन्न हो रही है.
कटोरिया जिला पार्षद इंदिरा गुप्ता, मुखिया प्रदीप कुमार गुप्ता, पैक्स अध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता, उपमुखिया मीना देवी, वार्ड सदस्य अशोक केशरी, ग्रामीण विजय आनंद, राजाराम भगत, इंद्रेश्वर मंडल, नरेश चौधरी, शंभु साह, जगत आनंद, दिनेश चौधरी, मनोज साह, दिवाकर वर्णवाल, राजकुमार वर्णवाल, त्रिवेणी केशरी आदि ने पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता से शीघ्र वाटर सप्लाई को नियमित रखने एवं नया वाटर सप्लाई यूनिट को मूर्तरूप दिलाने की मांग की है.
क्या कहते हैं कनीय अभियंता
इस संबंध में कटोरिया अवर प्रमंडल के प्रभारी कनीय अभियंता विश्वंभर ठाकुर ने कहा कि उपलब्ध संसाधन से वाटर सप्लाई को नियमित रखा जायेगा. सप्लाई यूनिट की खराबी शीघ्र दुरुस्त हो जायेगी.
