बेलहर : थाना क्षेत्र के लौढ़िया गांव की एक महिला का घरेलू विवाद में जहर खा लेने से मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार रविशंकर तांती की पत्नी खुशबू देवी (29 वर्ष) ने रविवार की रात घर में जहर खा ली. जब घरवालों को जहर खाने का पता चला तो ग्रामीण चिकित्सक से घर में ही इलाज कराया गया. लेकिन नाजुक स्थिति देखते उसे भागलपुर मायागंज भेज दिया गया. हालांकि इसकी जानकारी ना तो पुलिस को दी गयी और न ही आस पास में किसी को भनक तक लगने दिया गया.
लेकिन जब महिला के परिजन बंगाल दुर्गापुर से सोमवार की देर रात में लौढ़िया गांव आये और घर में अपनी पुत्री को नहीं देख पुलिस को जाकर इसकी सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने सोमवार कि देर रात तक मामले की छानबीन करती रही. लेकिन लाश का पता नहीं चल पाया. हालांकि ग्रामीणों के द्वारा बताया जा रहा है कि इलाज के क्रम में भागलपुर ले जाते समय उसकी मौत रास्ते में ही हो गयी. जिसके बाद सुल्तानगंज में अंतिम संस्कार कर दिया गया. मृतिका खुशबू देवी के पति राजमिस्त्री का काम बांका में रहकर करता था. घर में खुशबू देवी अपने पांच बच्चों के साथ नि:शक्त ससुर एवं सास के साथ रहती थी. घर में कुछ आपसी विवाद होने के कारण उसके द्वारा जहर खा लेने की बात सामने आ रही है. खुशबू की मां राधा देवी, भाई प्रताप कुमार तांती एवं पांचों छोटे-छोटे बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है. वहीं घर के आस-पास सन्नाटा पसरा हुआ है. हालांकि अभी तक मृतिका के परिजनों द्वारा थाना में किसी के विरुद्ध लिखित आवेदन नहीं दिया गया है.
