पेज तीन... बांका में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ा, अब 2756 एमटी होगी अधिप्राप्ति

पेज तीन... बांका में गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ा, अब 2756 एमटी होगी अधिप्राप्ति

-जिले ने पहले मिले 286 एमटी के लक्ष्य को महज 10 दिनों में कर लिया था पूरा

बांका

जिले में रबी विपणन मौसम 2026-27 के तहत गेहूं खरीद के लक्ष्य में बड़ा इजाफा किया गया है. पहले जहां 286 एमटी का लक्ष्य निर्धारित था, वहीं अब इसे बढ़ाकर 2756 एमटी कर दिया गया है. खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है. सभी जिलों के लिए गेहूं अधिप्राप्ति लक्ष्य को संशोधित किया है. नया लक्ष्य मिलने के बाद जिला स्तर पर टास्क फोर्स की बैठक बुलायी जायेगी. बढ़े हुए लक्ष्य को चयनित समितियों के बीच बांटा जायेगा. जिले ने पहले मिले 286 एमटी के लक्ष्य को महज 10 दिनों में पूरा कर लिया था. इस दौरान 55 किसानों से गेहूं की खरीद की गयी और सभी को निर्धारित भुगतान भी समय पर कर दिया गया. सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जबकि खरीद की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित है. पहले चरण में 147 समितियों का चयन किया गया था, जिनमें 140 पैक्स और व्यापार मंडल शामिल थे. 124 समितियों का ही मैपिंग हो पाया था. इसके बावजूद 10 पैक्स व दो व्यापार मंडलों के माध्यम से लक्ष्य हासिल कर लिया गया. कृषि विभाग के अनुमानित आंकड़े के अनुसार इस बार जिले में एक लाख 84 हजार 853 एमटी गेहूं का उत्पादन हुआ है.

गनी बैग की कमी बनी बाधा

पहले चरण की खरीद पूरी होने के बावजूद गेहूं अब तक समितियों के पास ही पड़ा है. इसका कारण गनी बैग की अनुपलब्धता और एसएफसी द्वारा एसटीआर जारी नहीं किया जाना बताया जा रहा है. खरीदे गए गेहूं को लक्ष्मीपुर स्थित एसएफसी गोदाम में जमा नहीं कराया जा सका है. जिला सहकारिता पदाधिकारी एसएफसी डीएम को सारी बातों से अवगत करा दिया है. साथ ही विधिवत पत्राचार भी किया है. डीसीओ के अनुसार एसएफसी के जिला प्रबंधक से इस मुद्दे पर बातचीत की गयी है. जैसे ही गनी बैग और एसटीआर उपलब्ध होंगे, गेहूं का उठाव शुरू कर दिया जायेगा.

कहते हैं डीसीओ

गेहूं खरीद के लक्ष्य में वृद्धि की गयी है. जल्द ही जिलाधिकारी की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर नये लक्ष्य के अनुसार समितियों के बीच इसका वितरण किया जायेगा, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी रह सके.

जैनुल आबदीन अंसारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, बांका. B

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >