पंजवारा. बाराहाट प्रखंड की गुरुद्वार पंचायत अंतर्गत हिजरिया गांव के समीप गहिरा नदी में रविवार को नहाने के दौरान 8 वर्षीय बालक तेज धार में बहकर लापता हो गया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार हिजरिया गांव निवासी नकुल राय का पुत्र दिलखुश कुमार कुछ दोस्तों के साथ नदी किनारे गया था. इस क्रम में वह गहरे पानी में चला गया और तेज धार में बहने लगा. साथी बच्चों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह आंखों से ओझल हो चुका था. सूचना पर थानाध्यक्ष महेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम को मदद के लिए बुलायी, लेकिन अन्यत्र किसी घटना में खोजबीन में जुटी टीम को पहुंचने में विलंब हो रही थी. ग्रामीण अपने-अपने स्तर पर खोजबीन में जुटे हैं. समाचार लिखे जाने तक बालक का कोई पता नहीं चल सका था.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
