अमरपुर (बांका) : थाना क्षेत्र के भीखनपुर गांव के पश्चिम बहियार में पुआल के एक टाल व मिट्टी के अंदर से शुक्रवार को ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने एक लाश को बरामद किया. लाश की शिनाख्त शंभुगंज लूखो तांती के बेटे नवल तांती के रूप में की गयी है. मृतक की मां ने भीखनपुर के बशीर मियां पर हत्या की आशंका जतायी है. मामले की प्राथमिकी दर्ज की जा रही है.
पुआल हटाने के बाद कुछ नहीं मिला तो लौटी पुलिस : पछियारी बहियार भीखनपुर में स्व ओम नारायण शर्मा की जमीन की गांव का ही बशीर मियां बटाईदारी करता है. खेत में खून का धब्बा देख कर लोगों को आशंका हुई. उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी. शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंच कर पुलिस ने मामले की जांच की. पुआल हटाया गया. लेकिन पुलिस कुछ देर बाद लौट गयी. लोगों ने फिर पुलिस को बुलाया
कुछ देर बाद घटनास्थल पर कुत्ते द्वारा मिट्टी खोदने और भौंकने पर ग्रामीणों ने मिट्टी हटयी, तो पता चला कि किसी व्यक्ति का गला रेत कर दफना दिया गया है. इसकी जानकारी पुलिस को दी गयी. प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष रमेश कुमार, सीओ राजेश कुमार सिन्हा, एसआई चंदन दुबे दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. शव को निकलवाया गया.
पुलिस पदाधिकारी ने घटना की जानकारी वरीय पदाधिकारी को देकर अतिरिक्त पुलिस बल भेजने की बात कही. फिलवक्त पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भिजवाया है. साथ ही गांव में तनाव न हो, इसके लिए चौकीदार की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है. इस संबंध में प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि घटना के सभी पहलू की जांच की जा रही है. जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा.
प्रेम-प्रसंग में तो नहीं हुई हत्या!
लोगों में चर्चा है कि शंभुगंज का बिरनौधा निवासी नवल तांती छह दिन पूर्व अपना ससुराल नया टोला भलुहार आया था. उसे अपनी पत्नी को लेकर जाना था. मंगलवार को इसी बात को लेकर ससुराल में विवाद हुआ था. गांव का ही एक व्यक्ति उसे गेहूं पटवन की बात कह कर बहियार ले गया था.
जहां पर गला रेत उसकी हत्या कर दी. उसी रात खेत में मिट्टी खोद कर शव को दफना दिया. रात में ही वहां पुआल का टाल लगा दिया गया. लोगों को अचानक पुआल का पुंज लगाने व बहियार में जगह-जगह खून के छींटे देख कर आशंका हुई. लोग अटकल लगा रहे हैं कि हत्या, प्रेम प्रसंग का मामला भी हो सकता है.
