फसल के उत्कृष्ट क्वालिटी को देखने उमड़ी भीड़

फसल के उत्कृष्ट क्वालिटी को देखने उमड़ी भीड़ बौंसी. कृषि उद्योग प्रदर्शनी उद्घाटन के साथ ही गुरुवार को किसानों के अलावे आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. अन्य लोग स्टॉल में लगे उत्कृष्ट क्वालिटी के ईख, मकई, कद्दु, सरसों, मुली, ब्रोकली, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी के बड़े- छोटे व लंबे आकार को देखकर आश्चर्यचकित थे. […]

फसल के उत्कृष्ट क्वालिटी को देखने उमड़ी भीड़ बौंसी. कृषि उद्योग प्रदर्शनी उद्घाटन के साथ ही गुरुवार को किसानों के अलावे आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ी. अन्य लोग स्टॉल में लगे उत्कृष्ट क्वालिटी के ईख, मकई, कद्दु, सरसों, मुली, ब्रोकली, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी के बड़े- छोटे व लंबे आकार को देखकर आश्चर्यचकित थे. वहीं गोड्डा, दुर्गापुर, बौंसी आदि जगहों के विक्रेताओं द्वारा किसान सेवा केंद्र से उन्नत खेती की जानकारी दी जा रही थी. इसके अलावा जैविक आधुनिक वर्मी कंपोस्ट, जयप्रभा महिला विकास केंद्र, गायत्री परिवार बौंसी, बिहार शिक्षा परियोजना, वन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग , जीविका का स्टाल, आत्मा, मशरुम उत्पादन सह बिक्री केंद्र का स्टॉल लगाया गया था. वहीं पीएचईडी स्टॉल के आगे मत्स्य, पशुपालन एवं गव्य विकास योजना का स्टॉल लगाकर किसानों को मछली पालन, पशुपालन आदि की जानकारी दी जा रही थी. ———-मेला मैदान में लगी रही भीड़ बौंसी. भगवान मधुसूदन के सामने स्थित मेला मैदान इस वक्त पूरे शबाव पर है. मेले मे धर्म, इतिहास, सद्भाव, प्रेम, मनोरंजन, विकास व प्रतिभा चयन का अनुठा मेल देखने को मिल रहा है. मेला के दूसरे दिन जहां मंदिरों में पूजन कीर्तन को भीड़ लग रही थी. वहीं बिहार झारखंड सहित अन्य प्रदेशों से काफी लोग मेले में घूमने पहुंच रहे थे. मंदार मेला जाने वाले मार्ग पर वाहनों का रैला कुछ ज्यादा ही था. सुबह में आठ बजे के बाद जब धूप खिली तो मेले में चहल पहल बढ़ गयी. क्या बच्चे, बुढे़, युवतियां, महिलाओं की झुंड मेले में पहुंचने लगी. महिलाएं व बच्चे जहां खाने-पीने की दुकान और श्रृंगार प्रसाधन की दुकानों पर जमे थे वहीं बुजुर्ग घरों में रखने वाले फर्नीचर, बक्से सहित अन्य दुकानों पर मोल भाव करते दिख रहे थे. दूसरी ओर मेले में आये झूले, इच्छाधारी नागिन, माैत का कुआं आदि में भी बच्चों, महिलाओं व नौजवानों की काफी भीड़ लगी थी. टिकट काउंटर पर टिकट को लेकर मारामारी हो रही थी. हर कोई पहले जाने को बेताब दिख रहा था. शाम होते ही विविध भाषा भाषी के लोगों के आने का सिलसिला जारी हो गया था. लोगों का हुजूम गरम कपड़ों से लैस होकर मुंबई के पार्श्व गायक सलीम एवं ग्रुप के कार्यक्रम देखने को बेताब था. हालांकि थियेटर पर प्रतिबंध रहने की वजह से नौजवानों की भीड़ पिछले साल की अपेक्षा कम दिखी. ————–मेला में सुरक्षा का है पुख्ता इंतजाम- संदिग्धों पर प्रशासन की कड़ी निगाह बौंसी. मंदार मेला के इतिहास में पहली बार सुरक्षा को लेकर इतने पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. मेला में आने वाले हर संदिग्धों पर नजर रखने के लिए इस बार विशेष रुप से दो वाच टावर बनाया गया है जहां आठ आठ घंटो की पालियों में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी है. जबकि सादी वरदी में पुलिस कर्मी बौंसी मेला और मंदार मेले में तैनात हैं. जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने इस बार विधि व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए 36 सेक्टरों में प्रत्येक सेक्टर पर पुलिस पदाधिकारी सशक्त बल की तैनाती की गयी है. 12 चेकपोस्ट बनाये गये हैं जबकि 665 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी है. 135 महिला पुलिसकर्मी हैं. नियंत्रण कक्ष में पुलिस इंसपेक्टर त्रिपुरारी सिह, सीओ संजीव कुमार, थानाध्यक्ष राजनंदन कुमार के अलावे जिले से आए विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी व अन्य मौजूद थे. ————-पुख्ता इंतजाम के बाद भी उचक्कों ने दिया घटना को अंजाम बौंसी. मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जितनी लंबी चौड़ी तैयारी की गयी है. उसमें भी चोर उचक्कों ने सेंधमारी कर दी है. मालूम हो कि पापहरणी मेला परिसर में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं. जिसमें की दो कैमरे मंदिर के मुख्य गेट से लेकर अंदर तक की भीड़ को स्पष्ट देखने के लिए लगाये गये है. इसके बाद भी गुरुवार को वहां मंदिर परिसर से करीब आधे दर्जन लोगों के साथ पॉकेटमारी और छिनतई की घटना हुई है. जानकारी के अनुसार, देवघर की प्रीति सिंह का सोने का चेन, उचक्कों ने छीन लिया. जबकि उनके पिता जयप्रकाश सिंह का पर्स भी पाकेटमारी हो गयी. वहीं गोड्डा के ललमटिया की रहने वाली प्रिया कुमारी का सैंमसंग अंड्रायड मोबाईल भी उचक्के ले उड़े. ये सारी घटनाएं मंदिर परिसर में ही हुई. जबकि सीसीटीवी के अलावे यहां एक दर्जन लाठी पार्टी और आधे दर्जन महिला पुलिसकर्मियाें को लगाया गया है. वावजूद इसके चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल रही है, हालांकि पापहरणी मेला नियंत्रण कक्ष में चार लोग विभूति पाठक, शाकिर, मो रफीक और मो. असीम अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >