शंभुगंज : सरकार द्वारा कृषि के विकास के लिए एवं किसानों के तरक्की के लिए कई योजनाएं चलाने के दावे के बीच किसान आज भी अपनी फसल बचाने को मशक्कत कर रहे हैं. प्रखंड क्षेत्र के किसान धान के खेत में सिंचाई के लिए रात-दिन पंप सेट से पानी दे रहे हैं. नहर व डांड़ में पानी न आने की वजह नदी की सतह का नीचे होना भी है.
सरकार नदी से बालू उठाव कर नदी को गड्ढा कर रही है. नदी तलहटी नीची होने की वजह से पानी डांड़ से खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है. प्रखंड क्षेत्र के भरतशिला पंचायत अंतर्गत निझरी गांव के किसानों की पचास एकड़ से ज्यादा जमीन में लगी धान का फसल पानी के अभाव में सूख गयी है. निझरी गांव के किसान सुरेंद्र कुमार पंजियारा, विजय कुमार पंजियारा, शशि मंडल, कृतनारायण पंजियारा, उदय शंकर कापरी सहित सैकड़ों किसानों ने बताया कि हमलोगों का मुख्य पेशा खेती है.
हमने बैंक एवं महाजनों से कर्ज लेकर धान की रोपनी की. लेकिन पानी के अभाव में लगभग 50 एकड़ में लगी फसल सूख गयी. अब कर्ज चुकाना मुश्किल है. साथ ही परिवार चलाने की भी चिंता आ पड़ी है. हम लोगों ने नेताअों से कई बार लोहागढ़ नदी में बीयर बनाने की मांग की. लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा. बीयर बनने से निझरी गांव के किसानों आसपास की 200 एकड़ खेतों में सिंचाई होने लगेगी. डीजल अनुदान की राशि नहीं मिलने से अब पटवन पर भी आफत है.
शंभुगंज में प्रेरकों की बैठकशंभुगंज. प्रखंड लोक शिक्षा समिति कार्यालय शंभुगंज में गुरुवार को साक्षर भारत मिशन के सभी पंचायत के प्रेरक की बैठक बीइओ मणिकांत प्रसाद गुप्ता के अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में एमपीआर, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति प्रतिवेदन एवं लोक शिक्षा केंद्र पर खरीदे गये समान की समीक्षा की गयी. विहित प्रपत्र पर रिपोर्ट लिया गया. वहीं बीइओ द्वारा सभी प्रेरक को नियम लोक शिक्षा केंद्र खोलने, साक्षरता केंद्र का अनुश्रवण करने आदि का निर्देश दिया गया.
मौके पर प्रखंड कार्यक्रम समन्वयक विनोद कुमार, लेखा समन्वयक अमित कुमार रजक, प्रेरक राघवेंदु कुमार सिंह, बलराम कुमार, सबीहा बेगम, श्वेता कुमारी शर्मा, सुमन कुमारी, कविता कुमारी, सरिता कुमारी, रंजु कुमारी, सुलोचना कुमारी, अनिता शर्मा, नरेश मोहन सिंह, दिवाकर कुमार यादव, ओम प्रकाश सिंह, राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद थे.
