बांका: समाहरणालय सभागार में गुरुवार को डीएम साकेत कुमार के आयोजित जनता दरबार में कुल 137 फरियादियों ने न्याय की गुहार लगायी. इसमें अधिकांश मामले भूमि विवाद, नियुक्ति में गड़बड़ी, इंदिरा आवास, सीओ की लापरवाही से गलत जमाबंदी कायम करने, पेंशन सहित अन्य से जुड़े थे.
फुल्लीडुमर प्रखंड क्षेत्र के नरहा पहाड़ निवासी शंभु कुमार यादव, निरंजन कुमार यादव, संजय यादव, रमेश हांसदा ने बीडीओ के आदेश के बाद भी आज पैक्स की सदस्यता नहीं देने की शिकायत कर सदस्यता दिलाने की मांग की. कटोरिया प्रखंड के भलुआकुरा के मनोज यादव ने राजस्व कर्मचारी एवं सीओ की लापरवाही से गलत जमाबंदी कायम कर दिये जाने की शिकायत करते हुए इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की. वहीं धोरैया प्रखंड क्षेत्र के कन्या उच्च विद्यालय मथुरापुर के भवन निर्माण में बरती जा रही अनियमितता की शिकायत गांव के चंद्रशेखर मंडल, विपिन कुमार सिंह, सदानंद मंडल सहित एक सौ से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन देकर इसकी उच्च स्तरीय जांच करा कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगायी. शंभुगंज थाना क्षेत्र के खौजरी निवासी बीमा देवी ने भूकंप से पति की मृत्यु हो जाने से सहायता राशि की मांग की. उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी इसके लिए गुहार लगा चुकी हैं.
आज तक कोई सुनवाई नहीं की गयी है. अन्य सभी मामले की बारी-बारी से सुनवाई कर इसके निष्पादन के लिए संबंधित विभाग को भेज दिये. इस मौके पर डीडीसी प्रदीप कुमार, एसडीओ अविनाश कुमार, डीसीएलआर ब्रजेश कुमार, राम शंकर कुमार, डीपी शाही, डा. सत्यकाम सहित अन्य पदाधिकारी एवं फरियादी उपस्थित थे. वहीं एसपी डॉ सत्यप्रकाश के कार्यालय वेश्म में गुरुवार को आयोजित जनता दरबार में लगभग चार दर्जन से अधिक मामले की सुनवाई की गयी. इसमें अधिकांश मामले आपसी विवाद, झूठे केस में फंसाने, वारंटी की गिरफ्तारी, पुलिस पदाधिकारी द्वारा सुनवाई नहीं करने सहित अन्य से जुड़े थे. फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के चननथारा निवासी शंभु यादव ने जमीनी विवाद में वरीय पदाधिकारी के आदेश का पालन नहीं करने की शिकायत करते हुए कार्रवाई करने की मांग की. अमरपुर अठमाहा निवासी संजय कुमार सिंह ने झूठे केस में फंसाने की शिकायत कर इसकी जांच कर इससे वरीय करने की गुहार लगायी. अन्य सभी मामले की सुनवाई कर इसके निष्पादन के लिए संबंधित थाने को भेज दिये. इस मौके पर मुख्यालय डीएसपी पी एन उपाध्याय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
