बांका : जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक डीएम कार्यालय वेश्म में डीएम कुंदन कुमार व एसपी चंदन कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित हुयी. सर्वप्रथम सभी नदी घाट से अवैध बालू उठाव व ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध का निर्देश दिया. कहा कि अवैध बालू के रोकथाम में किसी भी प्रकार की सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने सभी वरीय अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी को अपने कार्य संस्कृति में सुधार लाने की हिदायत दी. कहा कि जो भी अवैध रूप से नदी तट से बालू का उठाव करते हैं,
संबंधित के विरुद्ध आपदा एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज कराया जाय. बैठक में कहा गया कि झारखंड से जाने वाले मार्ग जो सीमा से सटे हुए हैं, वहां चेकनाका बनाने के साथ सीसीटीवी स्थापित करने पर बल दिया. बैठक के दौरान खनन विकास पदाधकारी व पुलिस पदाधिकारी को कार्य का फेंका-फेकी से बाज आने की बात कही. साथ ही जिले के दो दर्जन बालू घाट पर छापेमारी करने का निर्देश दिया. अवैध खनन से सरकार की राशि का नुकसान हुआ है तो फोटोग्राफ लेकर संबंधित व्यक्ति को हुई क्षति की भरपाई के लिए नोटिस प्रेषित करें, यदि संबंधित व्यक्ति निर्देश का अनुपालन नहीं करते हैं तो सर्टिफिकेट केस दर्ज कराएं.
डीएम व एसपी ने कहा कि अक्सर लाइन होटल में बालू माफिया की बैठकी लगती है. होटल संचालक का भी सांठगांठ अवैध धंधे में सुनने को मिला है. संबंधित लाइन होटल संचालक की कार्यप्रणाली की जांच करें, यदि बालू के अवैध धंधे में ऐसे संचालकों की संलिप्तता नजर आती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय करें.
