हत्याकांड के सात नामजद अभियुक्तों में से मात्र दो गिरफ्तार
कटोरिया : थाना क्षेत्र के देवासी पंचायत अंतर्गत करडा गांव में ट्रिपल मर्डर केस के एक सप्ताह बाद भी भय व दहशत का माहौल है. इस गांव के सभी टोलों में अभी भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. शाम ढलने के बाद महिला-पुरुष व बच्चे सभी अपने घरों में कैद हो जाते हैं. देर रात्रि भी कुत्तों के भौंकने या गांव के किसी भी कोने से टॉर्च की रोशनी आने मात्र से भी लोग सहम जाते हैं. इधर एसपी चंदन कुशवाहा द्वारा गठित एसआइटी टीम एसडीपीओ विनोद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जगह-जगह छापेमारी अभियान चला रही है. इस हत्याकांड के सात नामजद अभियुक्तों में से पुलिस टीम ने दो को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. जिसमें शैलेंद्र यादव की पत्नी कमली देवी व उसका दामाद अशोक यादव ग्राम भलुआ शामिल है. कांड के अन्य पांच नामजद अभियुक्त अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं.
जिसमें कमली देवी का बेटा योगेंद्र यादव व देवेंद्र यादव, भतीजा नरेश यादव व दिनेश यादव ग्राम जगतरेडी झौंसा थाना चंद्रमंडी जिला जमुई व सुखदेव यादव ग्राम पंचकटिया थाना चंद्रमंडी जिला जमुई शामिल है. ज्ञात हो कि गत 4 जून की रात्रि करडा गांव में घर में सो रही तीन नाबालिग बहनों की नृशंस हत्या अपराधियों ने कर दी थी.
हत्या से पहले दो बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म भी हुआ. घटना के दौरान बच्चियों की मां अपने मायके केनमनडीह गांव (जसीडीह) गयी हुई थी. जबकि पिता मजदूरी करने आसनसोल गये हुए थे. एसपी चंदन कुशवाहा ने इस कांड का उद्भेदन घटना के तीसरे दिन ही करते हुए बताया था कि मृत बच्चियों की मां का अवैध संबंध अपने मौसा शैलेंद्र यादव उर्फ सिकंदर यादव से ही था. जिसको लेकर मृत बच्चियों की मां को कई बार शैलेंद्र के परिजनों ने पूरे परिवार को खत्म कर देने की धमकी भी दी थी. हालांकि पुलिस टीम अब भी सभी बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है.
