वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बैंक कर्मियों के दो दिनों की हड़ताल पर चले जाने से जिले के लोगों की परेशानी काफी बढ़ गयी है.
बांका : वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बैंक कर्मियों के दो दिनों की हड़ताल पर जाने से प्रखंड क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. जानकारी हो कि वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बैंक कर्मचारी यूनियन और बैंक प्रबंधन के बीच चली आ रही वार्ता विफल हो गयी. जिसके बाद बैंक यूनियनों के आह्वान पर 2 दिनों की हड़ताल की गयी है.
बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक सागर झा ने बताया कि देश के सभी सरकारी बैंकों के अलावा कुछ निजी व विदेशी बैंकों के तकरीबन 10 लाख कर्मचारी दो दिनों की हड़ताल पर हैं. वेतन में वृद्धि की मांग को लेकर बैंक कर्मचारी सड़कों पर उतर आये हैं. बैंकों और एटीएम पर ताले लग जाने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है. दूसरी ओर एसबीआई के एटीएम में कैश रहने के बावजूद ग्राहक इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं. जानकारी के अनुसार लिंक नहीं रहने की वजह से यह समस्या उत्पन्न हो रही है. हड़ताल का असर सभी बैंकों और एटीएम पर दिख रहा है. एटीएम बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
महीने की आखिरी तारीख होने के कारण लोगों के वेतन भुगतान और पेंशन राशि के भुगतान में भी परेशानी हो रही है. सभी बैंकों पर ताले लटकने से ग्राहक परेशान होकर वापस लौट रहे हैं. एक अनुमान के मुताबिक हड़ताल की वजह से करीब 4 से 5 करोड़ रुपये का व्यापार प्रखंड क्षेत्र में प्रभावित हुआ है. जबकि सैकड़ों चेक हड़ताल की वजह से क्लियर नहीं हो पाये हैं. दूसरी और सीएससी संचालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई संचालकों ने बताया कि उनके पास जो भी कैश है वह बुधवार को दोपहर बाद समाप्त हो जायेगा.
