संतोष कुमार सिंह खुद उतरेंगे अध्यक्ष पद के पर
14 वार्ड पार्षदों के समर्थन से चुना जायेगा नप का अध्यक्ष
बांका : नगर सरकार के सिरमौर चुनने के लिए सियासी दांव-पेंच व सधी हुई रणनीति पर काम शुरू है. राजनीतिक पंडित अब भी मुख्य रूप से अनिल कुमार सिंह व संतोष कुमार सिंह के बीच ही इस पद के लिए महा-मुकाबला का मैदान तैयार कर रहे हैं. हालांकि सियासी कुश्ती में किसका दांव सटिक बैठेगा, इस पर विश्लेषकों का विश्लेषण प्रतिदिन जारी है.
बहरहाल, इस बीच यह भी खबर उड़ रही है कि निर्वतमान नपं के उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह की ओर से उनका पुत्र रौनक सिंह नगर परिषद चेयरमैन के लिए दावेदारी ठोंक सकते हैं. सूत्र की मानें तो अनिल सिंह युवा पुत्र को जिले की राजनीति में मजबूती से उतारने के लिए बिग इंट्री देने के प्रयास में हैं. हालांकि उनकी ओर से इस संदर्भ में अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है. जबकि दूसरी ओर से खुद संतोष कुमार सिंह इस पद के लिए उम्मीदवार होने का ताल ठोक चुके हैं.
अबतक अनिल कुमार सिंह का खेमा इस रेस में एक कदम आगे है. विजयनगर वार्ड नंबर 22 के प्रत्याशी अजीत कुमार राजहंस ने खुले तौर पर अनिल सिंह को वोट करने की बात कह दी है. जबकि उनके पक्ष में वहां आसपास की सीट जाने की संभावना है. वार्ड नंबर नौ व चार की पार्षद अनिल सिंह के पक्ष में मतदान कर सकते हैं. जबकि उनके घर में ही तीन सीट पहले से मौजूद है. दूसरी ओर संतोष कुमार सिंह खुद व उनका भाई राजेश सिंह मिलाकर दो सीट घर में हैं. वार्ड नंबर 11 व 13 से जीते पार्षद संतोष सिंह के पक्ष में अपना मत दे सकते हैं. बहरहाल, जिन प्रत्याशी को पार्षदों का 14 मत प्राप्त हो जायेगा, उसे नगर अध्यक्ष का पद प्राप्त हो जायेगा.
