खुशखबरी . उद्यान विभाग को एक पॉली हाउस की मिली स्वीकृति
किसान को 50 फीसदी अनुदानित राशि पर मिलेगा पॉली हाउस की स्वीकृति
बांका : बेमौसमी सब्जी का स्वाद लेना अब और आसान हो जायेगा. जी हां, उद्यान विभाग को एक पॉली हाउस निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है. पॉली हाउस योजना का लाभ अग्रणी किसान को दिया जायेगा. प्रथम चरण में एक पॉली हाउस निर्माण में करीब सात लाख दस हजार की राशि खर्च होगा. पॉली हाउस की सफलता पर इसकी संख्या में वृद्धि की प्रबल संभावनाएं हैं.
जानकारी के मुताबिक किसानों को 50 फीसदी अनुदानित राशि पर पॉली हाउस निर्माण की हरी झंडी मिलेगी. यानी विभाग एक पॉली हाउस निर्माण के लिए तीन लाख 55 हजार अनुदानित राशि किसान को देगी. लिहाजा, किसान को इतनी ही राशि स्वयं लगानी होगी. पॉली हाउस निर्माण किसान स्वरोजगार स्थापित कर काफी मुनाफा कमा सकेंगे. ज्ञात हो कि बांका में इससे पहले मात्र एक पॉली हाउस का निर्माण झिरबा में किया जा चुका है. सरकार का उद्देश्य है कि पॉली हाउस निर्माण की गति में वृद्धि कर धीरे-धीरे अधिकांश किसान को इसका लाभ दिया जाय.
पॉली हाउस में उत्पादित होगी बेमौसमी सब्जियां . पॉली हाउस में खासकर बेमौसमी सब्जी की खेती की जायेगी. अक्सर देखा जाता है कि गर्मी के दिन में गोभी, टमाटर जैसी सब्जियों का उत्पादन संभव नहीं है. परंतु पॉली हाउस में ऐसी सब्जियां आसानी से उत्पादित होगी. जानकारी के मुताबिक पॉली हाउस वैज्ञानिक तकनीक से निर्मित होगा. जिसका तापमान फसल के अनुरूप नियंत्रित रहता है. इसकी सिंचाई की व्यवस्था भी बेहद संजीदा ढंग से होती है. पॉली हाउस की खेती जैविक उर्वरक की मदद से की जाती है.
किसान उद्यान विभाग में दे सकते हैं अपना आवेदन
पॉली हाउस निर्माण के लिए किसान जिला उद्यान विभाग में अपना आवेदन दे सकते हैं. आवेदन प्राप्ति के बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी कर नियमानुसार एक किसान को वर्तमान में इसका लाभ दिया जायेगा.
विभाग को एक पॉली हाउस निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है. करीब सात लाख 10 हजार की लागत से एक पॉली हाउस का निर्माण किया जाना है. विभाग 50 फीसदी अनुदानित राशि के साथ पॉली हाउस का लाभ किसान को देगी. किसान अपना आवेदन दे सकते हैं.
पंकज कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, बांका
इन सब्जियों की खेती करनी होगी आसान
टमाटर
बैंगन
गोभी
पत्तागोभी
मटर
फ्रेंचबीन
भिंडी
खीरा
कद्दू
करेला आदि
