बेलहर : श्रावणी मेला में गुरुवार को बिजली के हाइ टेंशन तार की चपेट में आने से छपरा के एक कांवरिया की मौत हो गयी. बिजली विभाग की लापरवाही व अनदेखी से ऐसी कई घटना को निमंत्रण देता दिख रहा है. 2014 में श्रावणी मेला के दौरान साहबगंज विद्युत सब स्टेशन के पास हाइ टेंशन तार की चपेट में आने से बोकारो चास के पांच कांवरिया की मौत व दर्जनों कांवरिया घायल हो गये थे.
इस घटना के बाद राज्य सरकार व जिला प्रशासन द्वारा कांवरिया पथ के आसपास सभी बिजली के तार के नीचे जाली लगाने व जर्जर व झुके हुए तार को बदलने व टाइट करने का निर्देश दिया गया था. लेकिन बिजली विभाग का अभी भी कई जगह सड़क के किनारे व कांवरिया पथ के आसपास तार झुके नजर आते हैं. कई जगह हाईटेंशन तार के नीचे गाड नहीं लगा हुआ है. यदि जिलेबिया मोड़ से केंदुआ झरना तक बिजली के हाईटेंशन तार के नीचे गार्ड लगा होता तो कांवरिया लाल बाबू ठाकुर की मौत नहीं होती.
वहीं इस घटना के बाद वहां तैनात प्रशासन व दुकानदारों द्वारा बिजली विभाग के कर्मियों व पदाधिकारियों द्वारा फोन नहीं उठाने का भी आरोप लगाया गया. जिसके कारण बिजली विभाग को इसकी सूचना उपलब्ध कराने में काफी परेशानी हुई व मौके पर बिजली काटने के लिए काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा.
