सलेमपुर में करेंट से युवक की मौत, पूजा के उत्साह पर मातम

19 फरवरी को ही होनी थी उसकी बहन की शादी

औरंगाबाद/हसपुरा. हसपुरा थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में सरस्वती पूजा के उल्लास के बीच एक हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया. उक्त गांव के ट्रांसफार्मर के पास करेंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृत युवक की पहचान सलेमपुर गांव निवासी जगदीश चौधरी के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में की हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, पूजा की खुशियां पल भर में मातम में बदल गयी. जानकारी के अनुसार, सलेमपुर गांव में सरस्वती पूजा को लेकर पंडाल सजाने का कार्य चल रहा था. इसी दौरान नीतीश किसी काम से ट्रांसफाॅर्मर के पास गया. ट्रांसफाॅर्मर के समीप लगे लोहे के स्टेक में बिजली प्रवाहित हो रही थी, जिसकी चपेट में वह आ गया और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिसे तत्काल सहायता नहीं मिल सकी. कुछ देर बाद परिजनों ने नीतीश को जमीन पर गिरा हुआ देखा, जिसके बाद आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसपुरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया. नीतीश के मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. गांव का माहौल गमगीन हो गया. परिजनों ने बताया कि नीतीश पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियों का बोझ उसी के कंधों पर था. सबसे मार्मिक बात यह है कि 19 फरवरी को उसकी बहन की शादी तय थी. घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. इसके बाद कुछ लोगों ने घटना की सूचना हसपुरा थाने की पुलिस को दी. सूचना मिलते ही हसपुरा थाने की पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों से जरूरी पूछताछ के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इसके बाद दाह संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए ट्रांसफाॅर्मर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजे की मांग की है. हसपुरा थानाध्यक्ष ने बताया कि बिजली करेंट से एक युवक की मौत हुई है. शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >