Aurangabad News : जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से औरंगाबाद प्रखंड के पोखराहा पंचायत स्थित उच्च विद्यालय, जगदीशपुर के परिसर में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया.
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित शिविर का उद्घाटन दोनों अधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुई. इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को पौधा और शॉल भेंट कर सम्मानित किया.
पंचायत स्तर पर समस्याओं के समाधान का प्रयास
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े. शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को पंचायत स्तर पर सुनकर यथासंभव त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर से प्राप्त मामलों के निष्पादन में औरंगाबाद जिले का प्रदर्शन बेहतर रहा है. जिले में प्राप्त मामलों के निष्पादन की दर 98 प्रतिशत से अधिक है. यह उपलब्धि पदाधिकारियों एवं कर्मियों की मेहनत के साथ आम लोगों के सहयोग का भी परिणाम है.
योजनाओं की जानकारी के साथ लिए गए आवेदन
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे. इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, मनरेगा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, नल-जल योजना, कौशल विकास योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, शिक्षा एवं राजस्व विभाग से संबंधित सेवाएं शामिल थीं. ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों से आवेदन भी लिए गए. स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर दवा वितरण, नेत्र जांच, रक्त जांच, रक्तचाप जांच, आयुष्मान भारत कार्ड एवं यूडीआईडी कार्ड सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं. जिला बाल संरक्षण इकाई सहित अन्य विभागों ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.
लाभुकों के बीच बांटे गए दस्तावेज
शिविर के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लाभुकों के बीच वासगीत पर्चा, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड एवं जन्म प्रमाण-पत्र का वितरण किया. पोषण माह के तहत गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. दोनों अधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं एवं प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें. जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं. यदि किसी समस्या का समाधान शिविर में नहीं हो पाता है तो संबंधित पोर्टल पर शिकायत दर्ज की जा सकती है. इसके अलावा टोल-फ्री नंबर 1100 पर भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा है.
इस मौके पर वरीय उपसमाहर्ता श्वेता प्रियदर्शी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.