सप्ताह में चार दिन गर्भवती महिलाओं का होगा अल्ट्रासाउंड, सिजेरियन ऑपरेशन भी शुरू

जनवरी महीने में अब तक कुल 10 सी-सेक्शन ऑपरेशन किए गए हैं

दाउदनगर. लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड सेवा अब दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल में आंशिक रूप से बहाल हो गई है. यह सुविधा फिलहाल सप्ताह में चार दिन गर्भवती महिलाओं के लिए शुरू की गई है, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को बड़ी राहत मिली है. सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को निशुल्क अल्ट्रासाउंड किया जायेगा. हालांकि, रेडियोलॉजिस्ट की पदस्थापना नहीं होने के कारण सामान्य मरीजों को अब भी इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है.अनुमंडल अस्पताल में वर्तमान में दो गाइनोकोलॉजिस्ट कार्यरत हैं और सिजेरियन ऑपरेशन (सी-सेक्शन) की भी शुरुआत हो चुकी है.प्रभारी उपाधीक्षक डॉ शांता कुमारी ने बताया कि चिकित्सा पदाधिकारी डॉ स्नेह किरण एवं डॉ यति तिवारी द्वारा गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया जा रहा है. जनवरी माह में अब तक लगभग छह दर्जन गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया जा चुका है, जो अस्पताल की सक्रियता को दर्शाता है. उन्होंने बताया कि जनवरी महीने में अब तक कुल 10 सी-सेक्शन ऑपरेशन किए गए हैं.इनमें से दो ऑपरेशन मंगलवार को किये गये, जबकि आठ ऑपरेशन इससे पूर्व संपन्न हुए थे. इसके अलावा परिवार नियोजन के तहत बंध्याकरण के कुल 23 ऑपरेशन किए गये हैं. इनमें नौ ऑपरेशन सोमवार को और 14 ऑपरेशन पहले किये जा चुके हैं.

आम मरीजों को नहीं मिल रहा लाभ

रेडियोलॉजिस्ट की पदस्थापना नहीं होने के कारण अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध रहने के बावजूद आम लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था. पूर्व में एक प्रशिक्षित महिला चिकित्सक द्वारा गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया जाता था, लेकिन उनके सेवानिवृत्त होने के बाद करीब डेढ़ से दो वर्षों तक यह सेवा पूरी तरह बंद रही. अब दुबारा इसकी शुरुआत होना क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है. हालांकि, रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में आम मरीजों को मजबूरी में निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें आर्थिक शोषण का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द से जल्द अनुमंडल अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की पदस्थापना की मांग की है, ताकि सभी वर्गों को निशुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल सके और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा और मजबूत हो सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >