देव/औरंगाबाद. देव थाना क्षेत्र के मल्हारा गांव के समीप सरिया लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. इससे ट्रैक्टर से दबकर दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी. वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों की पहचान थाना क्षेत्र के ही बिशुनपुर गांव निवासी कामता भुइंया के 23 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र कुमार भुइंया व मान सिंह उर्फ पिंटू भुइंया के 18 वर्षीय पुत्र मणि कुमार भुइंया के रूप में की गयी. वहीं, बिशुनपुर का ही ललन भुइंया गंभीर रूप से घायल हो गया. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि उक्त सभी लोग अपने गांव से ट्रैक्टर लेकर ढिबरा थाना क्षेत्र के बालूगंज सरिया लोड करने गये थे. वहां से सरिया लोड कर वापस अपने गांव लौट रहे थे. इस दौरान मलहारा गांव के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. घटना के बाद उस जगह पर अफरा-तफरी मच गयी. घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला.
पता चला कि मणि भुइंया की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी. वहीं, वीरेंद्र व ललन को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देव पहुंचाया गया, जहां के डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान वीरेंद्र की मौत हो गयी. वहीं, ललन की स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने वहां से भी रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन घायल को मगध मेडिकल कॉलेज गया लेकर चले गये. इधर, घटना की सूचना पर देव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मनी भुइंया के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इधर, सदर अस्पताल में वीरेंद्र की मौत के बाद नगर थाने की पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं उक्त गांव में एक साथ दो शवों के पहुंचने के बाद कोहराम मच गया. परिजनों ने बताया कि तीनों व्यक्ति गांव के ही ट्रैक्टर पर रहकर मजदूरी करते थे. बालूगंज से सरिया लोडकर अपने गांव में ही आ रहे थे. इसी दौरान दुर्घटना का शिकार हो गये. परिजनों ने जिला प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है.परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जानकारी के अनुसार, मृतक वीरेंद्र के दो मासूम बेटे हैं. एक की उम्र तीन वर्ष है, जबकि दूसरा मात्र चार माह का है. वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, दूसरे मृतक मणि की अभी शादी नहीं हुई थी. वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. घटना में घायल ललन भी अत्यंत ही निर्धन परिवार से है. उसकी चार संतानें हैं. देव थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने बताया कि ट्रैक्टर से दबकर दो लोगों की मौत हुई है. वहीं, एक घायल का इलाज किया जा रहा है. फिलहाल दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है. परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
