औरंगाबाद में सॉल्वर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

बक्सर से जुड़ा तार

औरंगाबाद नगर. जिला मुख्यालय के विभिन्न केंद्रों पर बुधवार को आयोजित बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान सक्रिय सॉल्वर गैंग के तीन सदस्यों को संदिग्ध स्थिति में गिरफ्तार किया गया है. सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान बक्सर के डुमराव में सॉल्वर गैंग के कुछ लोगों को पकड़ा गया था. उनसे पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर औरंगाबाद में छापेमारी की गयी. इस दौरान शहर के ही एक होटल से दो लोगों को और सड़क से एक यानी कुल तीन लोगों को पकड़ा गया है. पकड़े गये लोगों में रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के धनेजा गांव निवासी कासिम के पुत्र समीर शाह, रामकुमार पाल के पुत्र मंजीत पाल व अगरेर थाना क्षेत्र के ज्ञानी बिगहा निवासी लक्ष्मी नारायण सिंह के पुत्र अजीत नारायण सिंह शामिल हैं. हालांकि, इन लोगों के पास से कुछ बरामद नहीं हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार बक्सर में सॉल्वर गैंग के पकड़े जाने के बाद डुमराव थाने की पुलिस ने औरंगाबाद पुलिस से संपर्क स्थापित की कि औरंगाबाद में भी गैंग से जुड़े कुछ लोगों का लोकेशन मिल रहा है. सूचना के बाद एसपी स्वप्ना जी मेश्राम के निर्देश पर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में नगर थाने की पुलिस ने छापेमारी की. पकड़ा गया राहुल यादव मुख्य सरगना है. बक्सर के जय भोलेनाथ नामक कोचिंग से संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया गया. वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी गतिविधियां बढ़ायी गयी. एसडीपीओ ने बताया कि छापेमारी के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया है. पूछताछ के बाद उनके पास से बरामद मोबाइल के साथ आरोपितों को डुमराव पुलिस के हवाले कर दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >