ससुर के निधन पर गृहस्वामी परिवार के साथ गया था रांचीघर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की प्राथमिकी दर्ज, चोरों की पहचान में जुटी एसआइटी
फोटो- 50- घर में बिखरा सामान. 51-जांच करती पुलिस. प्रतिनिधि, दाउदनगर
थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना घटी है. दाउदनगर-औरंगाबाद रोड स्थित भखरुआं तिवारी मुहल्ले में एक बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरों ने लगभग 75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और एक लाख रुपये नकद उड़ा लिये. यह घटना उस समय हुई जब घर के मालिक अपने परिवार के साथ रांची गये हुए थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घर श्रीनाथ तिवारी की है, जो अरविंद हॉस्पिटल के सामने मुख्य सड़क से लगभग 100 फीट अंदर स्थित है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार की देर रात और शनिवार को स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गहन जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने घर के अंदर व बाहर के हालात का निरीक्षण किया, जहां हर जगह सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारियां, बक्से व बैग टूटे हुए पाये गये. गृहस्वामी के भाई दशरथ तिवारी द्वारा दाउदनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. प्राथमिकी में बताया गया है कि चोरों ने सोने के दो चेन, दो हार, चार कंगन, चार अंगूठियां, दो मंगटिका, चार जोड़ी झुमके और दो नथिया सहित कुल लगभग 500 ग्राम सोना चोरी कर लिये. इन जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बतायी जा रही है. इसके अलावा घर में रखे एक लाख रुपये नकद भी चोरी हो गये.
ससुर के निधन पर गृहस्वामी परिवार के साथ गया था रांची
घटना के संबंध में गृहस्वामी श्रीनाथ तिवारी ने बताया कि उनके ससुर का निधन हो गया था. इसके कारण वे अपनी पत्नी के साथ रांची गये हुए थे. घर से निकलते समय उन्होंने मुख्य गेट और अंदर के दरवाजों पर अच्छे से ताला लगाया था, लेकिन चोर किसी तरह घर के अंदर प्रवेश कर गये और पूरे घर को खंगाल डाला. वहीं, इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.
एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वॉड ने की जांच
अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और जांच तेजी से जारी है. घटना के उद्भेदन के लिए एसआइटी का गठन किया गया है. इसके अलावा एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि तकनीकी व वैज्ञानिक आधार पर साक्ष्य जुटाये जा सकें. पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. वहीं, इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि खाली पड़े घर अपराधियों के लिए आसान निशाना बनते जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है.