भाई और पिता पर फायरिंग कर थार से भाग रहे आरोपित को पुलिस ने दबोचा

हरनाही नहर पुल के पास गाड़ी छोड़ भाग रहा था आरोपित

पिस्तौल और खोखा बरामद, आपसी विवाद में की फायरिंग

हरनाही नहर पुल के पास गाड़ी छोड़ भाग रहा था आरोपित

ओबरा पुलिस ने एक किलोमीटर तक किया पीछा, मिली सफलता

फोटो नंबर-4- पुलिस गिरफ्त में अपराधी व बरामद हथियारप्रतिनिधि, ओबरा

थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग कर भाग रहे एक अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान ओबरा निवासी लालदेव सिंह के पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है. उसके पास से एक पिस्टल, दो खोखा और एक थार कार बरामद की गयी है. मामला उस समय सामने आया जब ओबरा निवासी अमित कुमार ने थानाध्यक्ष नीतीश कुमार को फोन कर सूचना दी कि उसका भाई अजीत कुमार खटाल पर पहुंचकर उसके और पिता पर गोलीबारी कर रहा है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार और पुलिस सब इंस्पेक्टर सुशील कुमार के साथ त्वरित छापेमारी टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की. पुलिस के पहुंचने तक आरोपित थार कार से सरसौली की ओर भाग निकला. इसके बाद पुलिस ने पीछा किया. पुलिस को देखते ही आरोपित ने जम्होर थाना क्षेत्र के हरनाही नहर पुल के पास अपनी थार गाड़ी छोड़ दी और हथियार लहराते हुए गांव की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर उसे घेर लिया और सरेंडर कराने में सफलता पायी.

पुलिस की कार्रवाई की लोगों ने की सराहना

तलाशी के दौरान आरोपित के पास से एक पिस्टल, दो खोखा और घटनास्थल से थार कार जब्त की गयी. पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की और थानाध्यक्ष की तत्परता व बहादुरी की प्रशंसा की. लोगों ने कहा कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ी घटना हो सकती थी.

आरोपित पर आर्म्स एक्ट व गांजा तस्करी सहित छह मामले हैं दर्ज

थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अजीत कुमार के खिलाफ आर्म्स एक्ट, अवैध गांजा कारोबार और शराब तस्करी समेत कुल छह मामले पहले से दर्ज हैं. वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपित का अपने पिता और भाई के साथ आपसी विवाद चल रहा था. इसी विवाद में उसने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >