बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़ने के बाद दो पक्षों में हुआ तनाव, पुलिस की पहल से शांत हुआ मामला

कुछ लोगों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा को तोड़ रहे थे

औरंगाबाद ग्रामीण. जम्होर थाना क्षेत्र के पौथु पंचायत अंतर्गत गुमटी बिगहा गांव में शुक्रवार की शाम असामाजिक तत्वों द्वारा डाॅ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया. असामाजिक तत्वों ने सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की. हालांकि, पुलिस ने समय रहते दो पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया. कुछ लोगों ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा को तोड़ रहे थे. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उन्हें मौके पर देख लिया और खदेड़कर पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपित अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे. ग्रामीणों का कहना है कि जब बाद में भीम आर्मी के लोग आरोपित के घर पहुंचे, तो उसने दबंगई दिखाते हुए गाली-गलौज की और उल्टे धमकी देने लगा. घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी जिलाध्यक्ष करण पासवान दलबल के साथ जम्होर थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी. थाने में आवेदन भी दिया गया है, जिसमें दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गयी है. भीम आर्मी जिलाध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा को तोड़ना न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती है, बल्कि समाज को बांटने की साजिश भी है. आवेदन में उल्लेख किया गया है कि उक्त प्रतिमा की स्थापना करीब पांच वर्ष पहले की गयी थी. तब से ग्रामीणों द्वारा यहां बाबा साहब की जयंती व पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाती रही है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है. इधर, जम्होर थानाध्यक्ष ने बताया कि गुमटी बिगहा गांव में डॉ भीमराव आंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने की जानकारी मिली है. कुछ लोग थाना पर मुलाकात भी करने आये थे. मामले को लेकर दोनों पक्षों ने आपस में समझौता भी कर लिया है. आरोपित द्वारा 27 जनवरी तक प्रतिमा स्थापित करने की बात कही गयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >