दो-दो नहरों के बावजूद सिंचाई संकट से जूझ रहे किसान, समाधान की मांग को लेकर विधायक और अधिकारियों से मिले

Aurangabad News : औरंगाबाद के सूही गांव में नहरें होने के बावजूद किसान सिंचाई के लिए परेशान हैं। धान की रोपाई के लिए पानी न मिलने से सैकड़ों एकड़ खेत परती पड़े हैं।

Aurangabad News : प्रखंड क्षेत्र के सूही गांव के बधार में दो-दो नहरें गुजरने के बावजूद किसान सिंचाई संकट से जूझ रहे हैं. धान रोपाई का समय अंतिम चरण में पहुंच चुका है, लेकिन नहर के किनारे का बड़ा भूभाग अब भी परती पड़ा है. किसानों का कहना है कि सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है.

दो नहरें होने के बावजूद नहीं मिल रही सिंचाई की सुविधा

स्थानीय किसानों ने बताया कि गांव के पूरब से महुअरी उप-वितरणी और पश्चिम से बरिऑवा माइनर गुजरती है. नहर निर्माण के दौरान गांव के दर्जनों किसानों की कृषि भूमि अधिग्रहित की गई थी, लेकिन आज तक प्रभावी सिंचाई व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी. लगभग सात किलोमीटर परिधि वाले गांव का रकबा 1100 हेक्टेयर से अधिक है, जबकि सिंचाई के लिए केवल एक ह्यूम पाइप लगाया गया है.

फॉल क्षतिग्रस्त होने से और बढ़ी परेशानी

किसानों ने बताया कि नहर निर्माण के समय सूही फॉल के समीप एक ह्यूम पाइप लगाकर सिंचाई की व्यवस्था की गई थी. कुछ दिन पहले नीचे के किसानों द्वारा कथित रूप से रात में फॉल की दीवार क्षतिग्रस्त कर दी गई, जिससे नहर का पानी नीचे की ओर बहने लगा. इसके कारण ह्यूम पाइप की उपयोगिता समाप्त हो गई और किसानों के सामने सिंचाई का संकट और गहरा गया.

दो किलोमीटर तक खेत पड़े हैं परती

किसानों के अनुसार इस बार गांव के बधार में करीब दो किलोमीटर तक खेत परती पड़े हैं. समय पर पानी नहीं मिलने के कारण धान की रोपाई नहीं हो सकी, जिससे किसानों के सामने आर्थिक और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है.

विधायक और अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

समस्या को लेकर बड़ी संख्या में किसानों ने कुटुंबा विधायक ललन राम और जल संसाधन विभाग, अंबा के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विवेक कुमार से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं. पंचायत के मुखिया मंजीत कुमार यादव, पंचायत समिति सदस्य गोपाल सिंह, वार्ड सदस्य विनय सिंह, किसान संघर्ष समिति के प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार, रमेश मेहता, मंदीप यादव और अभिषेक सिंह सहित सैकड़ों किसानों के संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन विधायक की उपस्थिति में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को सौंपा गया. इस दौरान विधायक प्रतिनिधि सौरभ पाठक, राधेकृष्ण पांडेय, अनुज सिंह, पैक्स अध्यक्ष प्रत्याशी उमेश यादव, मंटू मेहता, ललन मेहता, मिथिलेश ठाकुर, धनंजय मेहता, जितेंद्र पासवान, श्रीनारायण मेहता, मनीष कुमार समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे.

खरीफ सीजन के बाद होगा नहर का जीर्णोद्धार

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विवेक कुमार ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि खरीफ सीजन समाप्त होने के बाद संबंधित नहर का जीर्णोद्धार कराया जाएगा. फिलहाल विभागीय टीम क्षेत्र का निरीक्षण कर अस्थायी समाधान निकालेगी, ताकि किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

किसानों की समस्या के समाधान का दिया भरोसा

कुटुंबा विधायक ललन राम ने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसानों की समस्या उनकी अपनी समस्या है. उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा. साथ ही विभागीय अधिकारियों को भी किसानों की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Also Read : बेगूसराय में दूध लेकर जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ambuj kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >