नारी सम्मान से ही जीवन में सफलता संभव : कुलपति

अक्षर विद्या गृह दरधा में सरस्वती पूजा सह 15वां स्थापना दिवस का हुआ आयोजन

गोह. जीवन में यदि कुछ भी प्राप्त करना है, तो सबसे पहले नारी का सम्मान करना आवश्यक है. ये बातें दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय पंचानपुर, गया के कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह ने कही. वे गोह प्रखंड के दरधा स्थित अक्षर विद्या गृह में आयोजित सरस्वती पूजा सह 15वें स्थापना दिवस समारोह के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे. कुलपति ने समारोह में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की अधिक उपस्थिति देखकर प्रसन्नता जाहिर की. उन्होंने उपस्थित पुरुषों से आग्रह किया कि वे नारी का सम्मान करें. कुलपति ने भावपूर्ण शब्दों में कहा कि विद्या चाहिए तो मां शारदे की आराधना करें, शक्ति चाहिए तो मां दुर्गा की और समृद्धि चाहिए तो मां लक्ष्मी की उपासना करनी होगी. अर्थात जिस भी क्षेत्र में आगे बढ़ना हो, वहां नारी सम्मान अनिवार्य है. कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर विद्यालय के निर्देशक अभिमन्यु सिंह ने कुलपति समेत अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न व बुके भेंट कर सम्मानित किया. इसके पश्चात विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया. सरस्वती मां की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत हुई. बच्चों द्वारा प्रस्तुत भव्य झांकियों और मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया. कार्यक्रम की शुरुआत “जयति जय जय मां सरस्वती, जयति जय जय मां…” जैसे भक्तिमय गीत से हुई, जिसने पूरे पंडाल को भक्ति के रंग में रंग दिया. एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों और झांकियों की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. विद्यालय के निदेशक अभिमन्यु सिंह ने कहा कि अक्षर विद्या गृह का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, संस्कृति और नारी सम्मान की भावना विकसित करना है. उन्होंने विद्यालय के 15 वर्षों की शैक्षणिक व सांस्कृतिक उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला. कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र कुमार एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के निर्देशक अभिषेक रंजन पांडेय की भूमिका सराहनीय रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >