औरंगाबाद शहर. डीआरसीसी कार्यालय परिसर में रविवार को शिक्षा विभाग की ओर से समारोह का आयोजन कर बीपीएससी से टीआरइ थ्री के तहत चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच औपबंधिक नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया. एमएलसी दिलीप कुमार सिंह व जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने अभ्यर्थियों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र दिया. कुल 961 शिक्षक अभ्यर्थियों के बीच औपबंधिक नियुक्ति पत्र का वितरण हुआ. आयोजन की विधिवत शुरुआत पटना गांधी मैदान पटना से वीसी के माध्यम से सीधा प्रसारण के साथ हुई, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. समारोह में काउंसेलिंग के बाद 961 अभ्यर्थियों को विद्यालय अध्यापक के रूप में औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. राज्य सरकार द्वारा शिक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए बीपीएससी से तीन चरणों में शिक्षकों की भर्ती की गयी. इसके तहत प्रथम चरण में एक लाख 20 हजार 336, द्वितीय चरण में 96 हजार 823 व तृतीय चरण में 51 हजार 389 शिक्षकों की भर्ती की गयी. चयन प्रक्रिया में महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई. कुल चयनित शिक्षकों में महिला शिक्षिका (56 प्रतिशत प्रारंभिक और 40 प्रतिशत माध्यमिक व उच्च माध्यमिक) शामिल हैं. इसके साथ ही राज्य में छात्र-शिक्षक अनुपात सुधरकर 32:1 पहुंच गया. इस समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल एमएलसी दिलीप कुमार सिंह ने अभ्यर्थियों को शुभकामना देते हुए बेहतर तरीके से शिक्षा प्रदान करने की अपील की. बताया गया कि सरकार द्वारा 2006 में नियोजित शिक्षकों की बहाली की गयी. बिहार में तब से अब तक के शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हो रहा है. इस समारोह में शिक्षा विभागी के सभी पदाधिकारी भी उपस्थित थे. शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी दया शंकर सिंह द्वारा अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया. साथ ही इस आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग के सभी कर्मियों व नवनियुक्त शिक्षकों के प्रति भी आभार प्रकट किया गया. अधिकारियों ने कहा कि बिहार सरकार गुणवातापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षक बहाली की प्रक्रिया को पारदर्शी व प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. यह ऐतिहासिक नियुक्ति पत्र वितरण समारोह शिक्षकों व विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में उन्नति का प्रतीक साबित होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
