Aurangabad News: दाउदनगर न्यायालय से जारी वारंटों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ दाउदनगर थाना पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए छह कुर्की वारंट और एक इश्तिहार का तामिला कराया.
अभियान के दौरान एक वारंटी को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस की लगातार दबिश के कारण दो वारंटियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.
एक वारंटी गिरफ्तार, दो ने किया न्यायालय में सरेंडर
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि एसटीआर 451/19 मामले के वारंटी अरई निवासी मधेशी राजवंशी को गिरफ्तार किया गया है. उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
वहीं कुर्की संख्या 115/09 के वारंटी राहुल कुमार और गुप्तेश्वर यादव ने पुलिस कार्रवाई के दबाव में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.
रिंकू देवी के घर की हुई कुर्की कार्रवाई
पुलिस ने एसटीआर 277/17 मामले में वार्ड संख्या-15 निवासी रिंकू देवी के घर की कुर्की की कार्रवाई पूरी की.
थानाध्यक्ष ने बताया कि इसी मामले के वारंटी जवाहर कुमार के संबंध में मृत्यु प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने के बाद वारंट न्यायालय को वापस भेज दिया गया है.
इश्तिहार चिपकाकर दी गई कानूनी कार्रवाई की जानकारी
एसटीआर 136/17 के तहत एक इश्तिहार का विधिवत तामिला किया गया. संबंधित स्थान पर इश्तिहार चस्पा कर न्यायालय के आदेश की जानकारी दी गई.
वहीं, एक अन्य कुर्की वारंट का मामला दूसरे थाना क्षेत्र से संबंधित होने के कारण उसे वापस कर दिया गया.
न्यायालय के आदेशों के पालन को लेकर सख्त पुलिस
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि न्यायालय से जारी कुर्की वारंट, गिरफ्तारी वारंट और इश्तिहारों के तामिले को लेकर पुलिस पूरी गंभीरता से अभियान चला रही है.
फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और न्यायालय के आदेशों के पालन के लिए नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है. पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
