Prakash Chandra: ओबरा विधायक डॉ. प्रकाशचंद्र ने बिहार विधानसभा में आयोजित निवेदन समिति की बैठक में ओबरा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया. निवेदन समिति के सभापति की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शिक्षा विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की गयी. विधायक ने क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक पहल करने की मांग रखी.
विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाया
बैठक में विधायक ने ओबरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में उपस्करों की कमी, जर्जर भवनों की मरम्मत व नवनिर्माण तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को मजबूती से रखा. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है.
उन्होंने विद्यालय भवनों की स्थिति में सुधार, पर्याप्त उपस्कर और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया. विधायक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो.
वर्षों से लंबित भूमि मामलों के समाधान की मांग
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े बकास्त एवं गैर-मजरुआ भूमि के उन मामलों को भी विधायक ने प्रमुखता से उठाया, जिनमें संपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध होने के बावजूद जमाबंदी नहीं हो पा रही है. उन्होंने कहा कि इस समस्या के कारण कई भू-स्वामी पिछले 50-60 वर्षों से दखल-कब्जे में रहने के बावजूद अपनी भूमि का आवश्यकतानुसार उपयोग या विक्रय नहीं कर पा रहे हैं.
विधायक ने ऐसे मामलों के त्वरित और न्यायसंगत समाधान के लिए सरकार से स्पष्ट, व्यावहारिक एवं प्रभावी दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित मामलों के निपटारे के लिए विभागीय स्तर पर गंभीरता से पहल होनी चाहिए, ताकि लोगों को उनके अधिकारों का लाभ मिल सके और भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान हो.
जनहित के लिए निरंतर प्रयास का संकल्प
विधायक डॉ. प्रकाशचंद्र ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान, क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा उनका संकल्प है. उन्होंने कहा कि सदन से लेकर समिति तक, हर मंच पर ओबरा विधानसभा क्षेत्र की आवाज मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है. जनसेवा के इस संकल्प के साथ जनता के हितों के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा.
