रफीगंज से सत्येंद्र पाठक की रिपोर्ट :
Aurangabad Accident News : रफीगंज प्रखंड के भदवाडीह गांव में बुधवार की शाम हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. भदवाडीह के समीप मिट्टी लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया, जिससे उस पर सवार 23 वर्षीय मजदूर सुनील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक टिकरी निवासी रामजनम पासवान का पुत्र था.
गर्भवती पत्नी और दो बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़
सबसे मार्मिक बात यह है कि सुनील कुमार की पत्नी गर्भवती है और परिवार में पहले से दो छोटी बेटियां हैं. सुनील ही परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा था. परिजनों के अनुसार, पूरा परिवार राजस्थान में रहकर मजदूरी करता है. हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर गहरे गड्ढे में पलटा
स्थानीय लोगों ने बताया कि टिकरी निवासी नीरज सिंह का ट्रैक्टर मिट्टी लेकर गांव की ओर आ रहा था. इसी दौरान रास्ते में संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर गहरे गड्ढे में पलट गया. हादसे में सुनील कुमार ट्रैक्टर के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सियाराम पासवान का चालक पुत्र रवि कुमार (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे पहले सदर अस्पताल औरंगाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक होने पर बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गयाजी रेफर कर दिया गया.
मुआवजा और कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही एसआई पप्पू पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. हालांकि घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर उचित मुआवजा एवं कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों प्रदर्शन किया.
सूचना पर पहुंचे विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने सरकार से मिलने वाली सहायता राशि दिलाने के साथ-साथ वाहन मालिक से भी आर्थिक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया.
एसएचओ ने क्या बताया ?
एसएचओ शंभू कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से एक मजदूर की मौत हुई है, जबकि चालक घायल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर दुर्घटना में मौत का यह तीसरा मामला है. इससे पहले भी ट्रैक्टर हादसों में दो लोगों की जान जा चुकी है.
Also Read: औरंगाबाद के NH-139 पर चला बुलडोजर, हटाए गए अवैध ढाबे, अतिक्रमणकारियों में मची अफरा-तफरी
