Aurangabad News : पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय औरंगाबाद की ओर से नारायण मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (एनएमसीएच), जमुहार में डॉक्टर्स मीट का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पीएनबी के मंडल प्रमुख कंदर्प कुसुम और नारायण मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के चेयरमैन गोपाल नारायण सिंह मौजूद रहे. इस दौरान बैंक अधिकारियों ने चिकित्सकों को विभिन्न बैंकिंग उत्पादों और सेवाओं की जानकारी दी.
चिकित्सकों को बैंकिंग उत्पादों की दी जानकारी
कार्यक्रम में बैंक की ओर से चिकित्सकों की जरूरतों के अनुरूप उपलब्ध विभिन्न वित्तीय सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया. इसमें गृह ऋण, कार ऋण, व्यक्तिगत ऋण, वेतन खाता और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं समेत अन्य बैंकिंग उत्पाद शामिल रहे. बैंक अधिकारियों ने चिकित्सकों को आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए भी जागरूक किया.
चिकित्सक समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ : कंदर्प कुसुम
मंडल प्रमुख कंदर्प कुसुम ने कहा कि पीएनबी अपने ग्राहकों को बेहतर और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. चिकित्सक समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं. उनकी वित्तीय जरूरतों और लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए बैंक की ओर से आकर्षक एवं प्रतिस्पर्धी बैंकिंग उत्पाद उपलब्ध कराए जा रहे हैं. उन्होंने चिकित्सकों से बैंक की विभिन्न योजनाओं और डिजिटल सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
बैंक अधिकारियों और चिकित्सकों के बीच हुआ संवाद
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों और बैंक अधिकारियों के बीच बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर संवाद भी हुआ. चिकित्सकों ने अपनी जरूरतों और बैंकिंग सेवाओं से संबंधित विषयों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की. एनएमसीएच के 60 से अधिक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सकों ने कार्यक्रम में भाग लिया.
चिकित्सकों ने पहल को बताया उपयोगी
कार्यक्रम में शामिल चिकित्सकों ने पीएनबी की इस पहल की सराहना की. उन्होंने डॉक्टर्स मीट को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बैंक की विभिन्न योजनाओं और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिलती है.
बैंक के अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर मंडल कार्यालय औरंगाबाद के मुख्य प्रबंधक शशांक, मार्केटिंग अधिकारी जितेंद्र सिंह, सासाराम शाखा के मुख्य शाखा प्रबंधक आनंद किशोर, करवंदिया शाखा के मुख्य शाखा प्रबंधक जय प्रकाश, एनएमसीएच शाखा के शाखा प्रबंधक सुजीत कुमार तथा अग्रणी जिला मुख्य प्रबंधक, रोहतास अभय आनंद सहित बैंक के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
