औरंगाबाद ग्रामीण. नवीनगर में ग्रामीण चिकित्सक की हत्या में शामिल 50 वर्षीय अधेड़ आरोपित की पुलिस हिरासत में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है. मृतक की पहचान नवीनगर प्रखंड के लक्ष्मीपुर गांव निवासी प्रमोद साव के रूप में हुई है. 22 फरवरी को नवीनगर में ग्रामीण चिकित्सक की हत्या हुई थी, उस मामले में प्रमोद साव की संलिप्तता पायी गयी थी. रविवार को प्रमोद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. जानकारी मिली कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल नवीनगर में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति में आरोपित को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. इसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. ज्ञात हो कि 22 फरवरी को नवीनगर थाना क्षेत्र कोइरीडीह गांव स्थित केवला फाटक के समीप झाड़ी से एक 35 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ था. अपराधियों द्वारा उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. वह नवीनगर में ही दो वर्षों से निजी क्लिनिक चला रहा था. उसकी पहचान रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र के रूपाहटा गांव निवासी ग्रामीण चिकित्सक विकास कुमार के रूप में हुई थी. ग्रामीण चिकित्सक विकास कुमार नवीनगर के हीं गोगो गांव में अपना क्लिनिक चलाता था. क्लिनिक बंद कर घर लौटने के क्रम में अपराधियों ने उसे अगवा कर लिया था और गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या मामले में परिजनों द्वारा थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. प्राथमिकी के बाद मामले में मृतक अधेड़ प्रमोद साव तथा उसके परिवार के अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आयी थी. इसके बाद पुलिस द्वारा उसे पूछताछ के लिए गिरफ्तार कर थाना ले जाया गया था. पूछताछ के दौरान ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गयी. इधर, मृतक अधेड़ के परिजनों से संपर्क न होने के कारण उनलोगों का पक्ष नहीं रखा जा सका. वैसे हिरासत में अधेड़ की मौत होने की सूचना जिले में आग की तरह फैल गयी. सदर अस्पताल के चारों तरफ पुलिस बलों की तैनाती कर दी गयी. यू कहें की अधेड़ की मौत के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गयी. जिले के कई थानों के थानाध्यक्षों व सिपाहियों की तैनाती कर दी गयी. इधर, पुलिस कार्यालय द्वारा जानकारी दी गयी है कि हत्या के अनुसंधान के दौरान प्रमोद साव की संलिप्तता पायी गयी थी. दो मार्च की शाम प्रमोद सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया था. तीन मार्च की सुबह अचानक प्रमोद की तबीयत खराब हो गयी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
