कमजोर वर्ग, अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार पटना के तत्वावधान में पुलिस दीदी अभया ब्रिगेड की ओर से औरंगाबाद के मदनपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय सलैया में बुधवार को 'ऑपरेशन विधि पालक' कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टीम प्रमुख सह पुलिस अवर निरीक्षक श्वेता कुमारी ने कहा कि 'ऑपरेशन विधि पालक' का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना विकसित करना है.
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी दी जाती है, ताकि वे किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रेरित हो सकें और समाज में एक संवेदनशील एवं अपराधमुक्त वातावरण का निर्माण हो सके.
उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं को छेड़छाड़, स्टॉकिंग, साइबर अपराध और अन्य महिला अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना इस अभियान का एक अत्यंत महत्वपूर्ण लक्ष्य है.
विभिन्न कानूनों और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पॉक्सो एक्ट 2012, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1986 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों और उनके प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया.
इसके साथ ही बच्चों और शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- महिला हेल्पलाइन: 181
- चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
- पुलिस आपातकालीन सेवा: 112
- साइबर हेल्पलाइन: 1930
टीम ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया कि जरूरत पड़ने पर वे बिना किसी संकोच के इन सेवाओं का उपयोग करें.
बच्चों को दिलाई गई जागरूकता की शपथ
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को महिला सम्मान, बालिका सुरक्षा तथा अपराध के विरुद्ध हमेशा जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई.
विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजकुमार प्रसाद गुप्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में सुरक्षा संबंधी समझ बढ़ाने में अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं.
उन्होंने बताया कि विद्यालय में चेतना सत्र और अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठियों के दौरान भी बालिका सुरक्षा व बच्चों के अधिकारों पर नियमित चर्चा की जाती है, ताकि विद्यार्थी हर परिस्थिति में स्वयं को सुरक्षित रख सकें.
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राजकुमार प्रसाद गुप्ता, शिक्षक शशिकांत कुमार, धनंजय कुमार राज, सत्यानंद, शिक्षिका रीता कुमारी, कृति कुमारी तथा बिहार पुलिस की ओर से पूंजफला कुमारी, सुलेखा कुमारी, मोना कुमारी, मनीष कुमार, विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे.
Also Read : गया जी : विष्णुपद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत, पितृपक्ष मेले से पहले BSAP को सौंपी गई जिम्मेदारी
