Aurangabad News : नया राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को लेकर एसडीओ अमित राजन ने प्रखंड कार्यालय सभागार में जनवितरण प्रणाली के डीलरों के साथ बैठक की. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. जफर इमाम और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अतुल्य कुमार भी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त आवेदनों, ऑनलाइन इंट्री और लाभार्थियों के ई-केवाईसी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
ई-केवाईसी के बिना जारी नहीं होगा नया राशन कार्ड
एसडीओ अमित राजन ने डीलरों को ई-केवाईसी के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ई-केवाईसी के बिना नया राशन कार्ड निर्गत नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि दाउदनगर प्रखंड में करीब 4200 नए राशन कार्ड बनाए जाने हैं. इसके लिए लगभग 5000 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें करीब 4200 आवेदनों की ऑनलाइन इंट्री हो चुकी है.
लाभार्थियों की सूची डीलरों को उपलब्ध कराई गई
एसडीओ ने बताया कि नया राशन कार्ड जारी करने से पहले संबंधित लाभार्थियों का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है. इस संबंध में लाभार्थियों की सूची संबंधित जनवितरण प्रणाली के डीलरों को उपलब्ध करा दी गई है. उन्होंने डीलरों को निर्देश दिया कि सूची के आधार पर लाभार्थियों को सूचित करते हुए उनका ई-केवाईसी जल्द से जल्द पूरा कराएं. उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे.
Also Read : युवा शक्ति से शहर को मिल रही नयी पहचान, डॉ चंचल कुमार को किया गया सम्मानित
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताई ई-केवाईसी की प्रक्रिया
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अतुल्य कुमार ने डीलरों को ई-केवाईसी की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने सभी डीलरों से निर्धारित समय के भीतर कार्य पूरा करने की अपील की. बैठक में अधिकारियों ने डीलरों से लाभार्थियों तक सूचना पहुंचाने और ई-केवाईसी की प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया.
डीलरों ने उठाया छह महीने की बकाया मार्जिन मनी का मुद्दा
बैठक के दौरान फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के जिला सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह ने डीलरों की विभिन्न समस्याओं से एसडीओ को अवगत कराया. उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने से डीलरों की मार्जिन मनी बकाया है. उन्होंने बताया कि अभी फरवरी महीने तक की ही मार्जिन मनी का भुगतान हुआ है. ऐसे में उन्होंने बकाया राशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की.
Also Read : औरंगाबाद: 13 वर्षों से जारी आस्था की परंपरा, हर-हर महादेव के जयघोष के साथ देवघर रवाना हुआ कांवरिया जत्था
अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन की भी की मांग
सुरेंद्र कुमार सिंह ने डीलरों के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन की भी मांग उठाई. उन्होंने कहा कि सितंबर महीने के खाद्यान्न का उठाव कर अगस्त महीने का वितरण किया गया है. ऐसे में डीलरों को अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है. उन्होंने एसडीओ से बकाया मार्जिन मनी के भुगतान और अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन को लेकर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया.
बैठक में बड़ी संख्या में डीलर रहे मौजूद
मौके पर एसोसिएशन के प्रखंड सचिव पिंटू कुमार, नगर अध्यक्ष विनय सिंह, डीलर अंबिका सिंह, चंदन कुमार, प्रवीण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनवितरण प्रणाली के डीलर उपस्थित थे.
Also Read : युवा शक्ति से शहर को मिल रही नयी पहचान, डॉ चंचल कुमार को किया गया सम्मानित
