Aurangabad News : प्रखंड के महावर गांव में नाले का पानी सड़क पर जमा होने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी का प्रशासन ने संज्ञान लिया. इसके बाद अधिकारियों की पहल पर जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराई गई. जलजमाव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सड़क से गुजरने में परेशानी हो रही थी.
बीडीओ और राजस्व अधिकारी ने लिया जायजा
ग्रामीणों की शिकायत के बाद बीडीओ मो. जफर इमाम और राजस्व अधिकारी रोहित कुमार महावर गांव पहुंचे और जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने ग्रामीणों से समस्या की जानकारी लेने के बाद सड़क पर जमा पानी की निकासी के लिए तत्काल रास्ता बनवाने की पहल की.
आम जमीन से बनाया गया पानी निकासी का रास्ता
जल निकासी के लिए आम गैरमजरुआ जमीन से पानी निकलने का रास्ता बनाया गया. वहीं, कुछ ग्रामीणों को समझा-बुझाकर उनकी निजी जमीन से भी पानी की निकासी कराई गई. रास्ता मिलने के बाद सड़क पर जमा पानी निकलने लगा, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली.
अक्टूबर में सड़क निर्माण शुरू होने का आश्वासन
अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान भी जल्द कराया जाएगा. बताया गया कि ग्रामीण कार्य विभाग के माध्यम से सड़क का निर्माण कराया जाना है और इसकी योजना स्वीकृत हो चुकी है. ग्रामीणों को अक्टूबर माह में सड़क निर्माण कार्य शुरू कराए जाने का आश्वासन दिया गया.
सड़क बनने से जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत
सड़क निर्माण की योजना स्वीकृत होने और जल्द काम शुरू होने के आश्वासन से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है. लोगों का कहना है कि सड़क बनने के बाद जलजमाव के साथ-साथ आवागमन की समस्या का भी स्थायी समाधान हो सकेगा. मौके पर भाजपा नेता अनुप मनोहर, लोजपा (रामविलास) एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र पासवान, मृत्युंजय कुमार, प्रमोद कुमार, राम नरेश शर्मा, जयप्रकाश सिंह, मदन कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
Also Read : पकरीबरावां में प्रधान शिक्षकों की बैठक, अपार आईडी और एफआरएस रजिस्ट्रेशन में तेजी लाने का निर्देश
