Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के मुडिला गांव में गुरुवार की रात चोरों ने तीन मंदिरों को निशाना बनाते हुए वहां लगी बड़ी-बड़ी घंटियों की चोरी कर ली. शुक्रवार की सुबह पूजा-अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालुओं को मंदिरों से घंटियां गायब मिलीं.
इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के देवी मंदिर, हनुमान मंदिर और शंकर भगवान के मंदिर की जांच की, तो तीनों मंदिरों से घंटियां गायब मिलीं. घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश है.
50 हजार रुपये की संपत्ति चोरी का अनुमान
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों मंदिरों में लगी घंटियों की कीमत करीब 15 हजार रुपये थी, जबकि मंदिरों से करीब 50 हजार रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है. घटना की सूचना ग्रामीणों ने कुटुंबा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इमरान आलम पुलिस बल के साथ मुडिला गांव पहुंचे और मामले की छानबीन की.
अवैध शराब की बिक्री का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
ग्रामीणों ने गांव में शराबबंदी के बावजूद अवैध रूप से शराब की बिक्री होने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि शराब की बिक्री के कारण असामाजिक तत्वों का गांव में आवागमन बना रहता है, जिससे चोरी की घटनाओं की आशंका बढ़ गई है.
छोटी-छोटी घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल
ग्रामीण अमित कुमार, धर्मेंद्र सिंह, कुंदन कुमार यादव, अभिषेक कुमार, संजीव सिंह, संदीप सिंह, हरेंद्र सिंह, मिथिलेश सिंह, सुनील कुमार तिवारी, राहुल कुमार, सोनल पांडेय आदि ने बताया कि गांव में चोरी की छोटी-छोटी घटनाएं लगातार हो रही हैं. इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है.
मोटर चोरी और घरों में टॉर्च की रोशनी डालने की शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व चोरों ने खेत में लगे मोटर की भी चोरी कर ली थी. वहीं, पिछले करीब एक सप्ताह से रात के समय अज्ञात लोगों द्वारा कुछ घरों के दरवाजे व खिड़कियों से रोशनी डालकर अंदर की गतिविधियों को देखने का प्रयास किया जा रहा है.
घर के लोगों के जागने या बाहर निकलने की आहट मिलते ही संदिग्ध लोग भाग जाते हैं. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीण रात्रि में विशेष सतर्कता बरत रहे हैं.
शराब के खिलाफ पुलिस ने कई घरों में की छापेमारी
मंदिरों में चोरी की घटना की सूचना के बाद गांव पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत पर शराब के खिलाफ कई घरों में सघन छापेमारी की.
छापेमारी में थानाध्यक्ष इमरान आलम के साथ पुलिस पदाधिकारी उमेश प्रसाद, जय किशोर पासवान, रवि कुमार, चाहत कुमार, मोहम्मद शमी, कुंदन कुमार सिंह, मोहम्मद इश्कार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.
गांव में 24 घंटे पुलिस निगरानी का आश्वासन
थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर तत्काल गांव में 24 घंटे पुलिस की निगरानी रखी जाएगी. शराब की बिक्री और असामाजिक तत्वों के आवागमन पर विशेष नजर रखी जाएगी.
शराब बिक्री की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने ग्रामीणों से शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा पुलिस को सहयोग करने की अपील की है.
