Aurangabad News: औरंगाबाद में सोमवार की रात मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते पूरे जिले में झमाझम बारिश शुरू हो गई. रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा. पूरे दिन आसमान घने बादलों से ढका रहा और सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए. लगातार बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन जनजीवन भी प्रभावित हो गया.
बारिश से शहर की रफ्तार थमी, लोगों को हुई परेशानी
सुबह दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूल पहुंचने वाले बच्चों और अन्य लोगों को जलजमाव के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई मोहल्लों की गलियां पानी में डूब गईं, जबकि मुख्य सड़कों पर भी पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई. कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया और लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा. फिसलन के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रही.
बारिश ने फिर उजागर की ड्रेनेज व्यवस्था की हकीकत
लगातार बारिश ने एक बार फिर शहर की ड्रेनेज व्यवस्था की पोल खोल दी. थोड़ी ही देर की बारिश में नालियां उफन गईं और पानी सड़कों पर फैल गया. कई इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह नाकाम नजर आई. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
किसानों के लिए राहत, धान की रोपनी पकड़ेगी रफ्तार
बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है. लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने पहले ही धान का बिचड़ा तैयार कर रखा था, लेकिन पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण रोपनी शुरू नहीं हो पा रही थी. अब खेतों में पर्याप्त पानी भरने से धान की रोपाई का काम तेज होने की उम्मीद है. किसानों का मानना है कि समय पर हुई बारिश से इस बार फसल बेहतर होने की संभावना बढ़ गई है.
अगले चार से पांच दिनों तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, औरंगाबाद जिले में अगले चार से पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. ऐसे में लोगों को जलजमाव वाले इलाकों में सावधानी बरतने और आवश्यकता होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है. फिलहाल यह बारिश शहरवासियों के लिए राहत और परेशानी दोनों लेकर आई है, जबकि किसानों के लिए यह बेहतर खेती की उम्मीद लेकर आई है.
