50 साल से अधूरी हडियाही सिंचाई परियोजना पूरी कराने की मांग तेज, विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

करीब पांच दशक से अधर में लटकी हडियाही सिंचाई परियोजना को पूरा कराने की मांग फिर तेज हो गई है। हजारों किसान सिंचाई सुविधा से वंचित हैं और खेती वर्षा पर निर्भर है।

Aurangabad News : अंबा मेंकरीब पांच दशक से अधर में लटकी हडियाही सिंचाई परियोजना को पूरा कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है. कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललन राम ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर परियोजना के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा झारखंड सरकार से समन्वय स्थापित कर किसानों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है. विधायक ने कहा कि परियोजना अधूरी रहने से कुटुंबा और देव प्रखंड के हजारों किसान आज भी सिंचाई सुविधा से वंचित हैं और खेती पूरी तरह वर्षा पर निर्भर है.

डैम का फाटक वेल्डिंग होने से नहीं हो रहा जल भंडारण

विधायक ने बताया कि परियोजना का मुख्य डैम झारखंड के पलामू जिले में स्थित है. विस्थापित किसानों द्वारा मुआवजे की मांग को लेकर डैम के फाटक को उठाकर वेल्डिंग कर दिया गया है, जिससे जल भंडारण नहीं हो पा रहा है. वहीं नहर निर्माण का कार्य भी अब तक अधूरा है. उन्होंने मुख्यमंत्री से झारखंड सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर डैम से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने और परियोजना का शेष कार्य जल्द पूरा कराने का आग्रह किया.

1975 में शुरू हुई परियोजना, अब भी अधूरी

हडियाही सिंचाई परियोजना की शुरुआत वर्ष 1975 में हुई थी, लेकिन लगभग 50 वर्ष बाद भी यह पूरी नहीं हो सकी है. इसके कारण कुटुंबा और देव प्रखंड के हजारों किसान सिंचाई सुविधा से वंचित हैं. बारिश कम होने पर फसलें प्रभावित होती हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.

पूर्व सांसद भी उठा चुके हैं मुद्दा

परियोजना को पूरा कराने की मांग पहले भी कई बार उठ चुकी है. पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने भी हाल के दिनों में उपमुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस परियोजना को शीघ्र पूरा कराने की मांग की थी. हालांकि अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं होने से किसानों में निराशा है. क्षेत्र के लोगों का कहना है कि परियोजना पूरी होने पर कुटुंबा और देव प्रखंड की कृषि व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा और हजारों किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ambuj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >